'मैं तीन-तीन पहन लूंगी...',महिलाओं की आजादी और बुर्के पर शबाना आजमी की दो-टूक, बोलीं- भ्रम फैलाया गया
शबाना आजमी ने बुर्के और धार्मिक शिक्षाओं की व्याख्या पर अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि कुरान में बुर्का पहनने का जिक्र नहीं है।
-1795432127920_m.webp)
शबाना आजमी ने बुर्का पहनने का किया जिक्र
HighLights
कुरान में महिलाओं के लिए बुर्का पहनने का कोई जिक्र नहीं
शबाना आजमी ने व्यक्तिगत पसंद पर जोर दिया
धर्मनिरपेक्षता की आड़ में कट्टरवाद फैलाने की कड़ी निंदा की
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी (Shabana Azmi) ने धार्मिक शिक्षाओं की व्याख्या और महिलाओं के बुर्का पहनने से जुड़ी बहस पर अपनी राय रखी है।
उषा काकड़े के साथ हाल ही में हुए एक पॉडकास्ट के दौरान,अभिनेत्री ने कहा कि कुरान में महिलाओं को विशेष रूप से बुर्का पहनने के लिए नहीं कहा गया है।
इस विषय पर बात करते हुए शबाना आजमी ने कहा,'कुरान में कहीं भी ऐसा नहीं लिखा है कि आपको इस तरह का बुर्का पहनना चाहिए। कुरान में बस इतना लिखा है कि आपकी नजरों में हया (शर्म/मर्यादा) होनी चाहिए। यह हया महिलाओं और पुरुषों, दोनों के लिए है।'
शिक्षाओं को गलत तरीके से पेश किया गया
अभिनेत्री ने इस बारे में भी बात की कि कैसे कभी-कभी धार्मिक शिक्षाओं को गलत तरीके से पेश किया जाता है। शबाना आजमी ने स्पष्ट किया कि बुर्के को लेकर उनका रुख, किसी व्यक्ति की अपनी निजी पसंद चुनने की आजादी से जुड़ा है।
-1795432308705.webp)
इस बारे में आगे बोलते हुए शबाना ने कहा,'मैं बुर्का नहीं पहनती, लेकिन मेरा यह भी मानना है कि अगर कोई मुझसे कहे कि मैं बुर्का नहीं पहन सकती हूं, तो मैं तीन बुर्के पहन लूंगी। ऐसा कहने वाले आप होते कौन हैं? लेकिन ऐसा नहीं हो सकता कि धर्मनिरपेक्षता की आड़ में आप कट्टरवाद फैलाएं।'
कई बार कर चुकी हैं इन मुद्दों का जिक्र
यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है। उन्होंने 2022 के कर्नाटक मामले के दौरान भी अपनी बात रखी थी, जब उडुपी के एक कॉलेज में हिजाब पहनने के कारण छह लड़कियों को कथित तौर पर प्रवेश करने से रोक दिया गया था।
शबाना ने कभी चुनाव नहीं लड़ा है, लेकिन जावेद अख्तर की तरह वह भी राज्यसभा की मानद सदस्य रही हैं। 1997 में राष्ट्रपति ने शबाना को संसद के उच्च सदन (राज्यसभा) का सदस्य मनोनीत किया था। अपने कार्यकाल के दौरान, एक अभिनेत्री के रूप में अपने व्यस्त करियर के बावजूद, वह नियमित रूप से राज्यसभा के सत्रों में शामिल होती थीं।
-1795432348019.webp)
राज्यसभा में चर्चाओं के दौरान, शबाना अक्सर महिलाओं के अधिकारों, बाल कल्याण और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा की वकालत की। अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने झुग्गी-बस्तियों में रहने वालों और अन्य वंचित समुदायों की चिंताओं को भी उठाया। उन्होंने अपनी MPLADS (सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना) निधि का उपयोग मुंबई में सार्वजनिक स्थानों के सौंदर्यीकरण के लिए किया, जिसमें समुद्र तट के इलाकों का जीर्णोद्धार भी शामिल था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।