FIFA World Cup 2026: केप वर्डे ने फिर किया उलटफेर, वर्ल्ड कप के पहले गोल के साथ उरुग्वे को ड्रॉ पर रोका
केप वर्डे ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में उरुग्वे के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेलकर एक और उलटफेर किया है जिससे वे अगले दौर में जाने की दौड़ में बने हुए हैं। ...और पढ़ें

केप वर्डे ने किया एक और उलटफेर
HighLights
केप वर्डे ने उरुग्वे के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला
केविन पीना ने केप वर्डे के लिए पहला वर्ल्ड कप गोल किया
केप वर्डे अगले दौर में जाने की दौड़ में बरकरार
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। स्पेन जैसी टीम के खिलाफ अपने दमदार खेल से बिना कोई गोल खाए ड्रॉ खेलने वाली केप वर्डे की टीम ने बताया है कि वह कोई तुक्का नहीं था। इस टीम ने फीफा वर्ल्ड कप-2026 में रविवार रात एक और उलटफेर कर दिया है और इस बार ग्रुप-ए के मैच में उरुग्वे के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला है।
स्पेन के खिलाफ केप वर्डे ने न कोई गोल किया था और न ही कोई गोल खाया था। हालांकि, अपना पहला वर्ल्ड कप खेल रही ये टीम उरुग्वे के खिलाफ गोल का खाता खोलने में सफल रही। इस जीत के बाद उसके हिस्से एक और अंक आ गया है जिससे वह अगले दौर में जाने की रेस में बनी हुई है।
अटैक ने किया कमाल
स्पेन के खिलाफ अपने मजबूत डिफेंस के चलते चर्चा में आने वाले केप वर्डे की टीम ने उरुग्वे के खिलाफ अपने अटैक से सभी को हैरान कर दिया। इस टीम ने जिस तरह से मैच की शुरुआत की उसे देख सामने वाली टीम भी हैरान थी। 21वें मिनट में केविन पीना ने केप वर्डे को एक गोल से आगे कर दिया। हर कोई इस खेल से हैरान था। केविन ने 30 गज से फ्री किक को गोल में तब्दील कर अपना और अपनी टीम का पहला वर्ल्ड कप गोल किया।
उरुग्वे पर दबाव बन रहा था, लेकिन ये टीम बिखरी नहीं। टीम संभली और उसने पहले हाफ में दो गोल कर केप वर्डे को बैकफुट पर धकेल दिया। हाफ टाइम से एक मिनट पहले मैक्सी अराउजो ने स्कोर बराबरी का कर दिया। वहीं हाफ टाइम के इंजुरी टाइम में अस्टिन कानोबीयो ने एक और गोल कर उरुग्वे को 2-1 से आगे कर दिया और पहले हाफ का अंत इसी स्कोर के साथ हुआ।
खबरें और भी
दूसरे हाफ में वापसी
दूसरे हाफ में केप वर्डे ने हार नहीं मानी और लगातार अटैक किया। इस दौरान उरुग्वे की टीम भी अपनी बढ़त को बचाने और बढ़ाने की कोशिशों में लगी थी। 61वें मिनट में हेलियो वारेला ने उरुग्वे की मेहनत पर पानी फेर दिया। उरुग्वे के डिफेंस में एक गलती हुई और गेंद वारेला के पास आई जिन्होंने गेंद को नेट में डाल केप वर्डे को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद उरुग्वे के जलवा देखने को मिला जिसके डिफेंस ने कई बचाव किए, लेकिन केप वर्डे के डिफेंस को भेदना उसके लिए भी नामुमकिन रहा और दोनों टीमें अंक बांटने पर मजबूर हो गईं।
ये उरुग्वे के लिए झटका था तो वहीं केप वर्डे के लिए आत्मविश्वास भरने वाला मैच। इस मैच के बाद ग्रुप-एच में स्पेन की टीम पहले नंबर पर काबिज है जिसने सऊदी अरब को मात देकर तीन अंक लिए। वह चार अंकों के साथ पहले नंबर पर है। उरुग्वे की टीम दो अंकों के साथ दूसरे और दो अंकों के साथ केप वर्डे की टीम तीसरे स्थान पर काबिज है।