ARG vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ रिकॉर्ड ने उड़ाए अर्जेंटीना के होश, फाइनल के टिकट के लिए मेसी को बदलना होगा इतिहास
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अर्जेंटीना और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे, जिसका विजेता फाइनल में स्पेन से भिड़ेगा। मेसी के लिए यह आखिरी वर्ल्ड कप ...और पढ़ें

अर्जेंटीना वर्सेस इंग्लैंड हेड टू हेड रिकॉर्ड
HighLights
स्पेन फीफा वर्ल्ड कप 2026 का पहला फाइनलिस्ट बना
मेसी ने अपने करियर में इंग्लैंड के खिलाफ नहीं खेला
इंग्लैंड का अर्जेंटीना पर वर्ल्ड कप में बेहतर रिकॉर्ड
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप 2026 की स्पेन के रूप में एक फाइनलिस्ट टीम मिल गई है। दूसरी टीम का फैसला अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच होने वाले मुकाबले से होगा। जिस टीम को जीत मिलेगी, वो फाइनल में स्पेन से टकराएगा। इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलती है। 2002 के बाद ये पहला मौका है, जब ये दोनों टीमें विश्व कप के किसी मैच में टकराएंगी।
सबसे हैरानी की बात ये है कि लियोनेल मेसी ने अर्जेंटीना के लिए अपने करियर में 200 से अधिक मुकाबले खेले हैं लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ कभी कोई मैच नहीं खेला। अर्जेंटीना डिफेंडिंग चैंपियन है और मेसी अपने करियर के उस पड़ाव में हैं, जहां से उनका ये आखिरी वर्ल्ड कप हो सकता है। ऐसे में वे मुकाबले को जीतकर फाइनल में जाना चाहेंगे। सेमीफाइनल मुकाबले से पहले आइए जानते हैं कि दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड कैसा रहा है।
कब और कहां खेला जाएगा मुकाबला?
अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल मुकाबला अटलांटा स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच बुधवार देर रात को होगा। मैच की शुरुआत 12:30 बजे से होगी।
वर्ल्ड कप में कैसा है अर्जेंटीना और इंग्लैंड का हेड टू हेड रिकॉर्ड
फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमों के बीच 5 मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान कड़ी टक्कर देखने को मिली है। इंग्लैंड का पलड़ा भारी रहा है। उन्होंने 3 मैचों में जीत हासिल की है। इंग्लिश टीम ने 1962, 1966 और 2002 वर्ल्ड कप में जीत दर्ज की थी। यानी जब ये दोनों टीमें आखिरी बार विश्व कप में टकराई थी, तो इंग्लैंड उस मुकाबले में भारी पड़ा था। अब 24 साल बाद फिर इनके बीच जंग देखने को मिलेगी।
अर्जेंटीना ने वर्ल्ड कप में 2 मैचों में जीत हासिल की है। उन्होंने 1986 विश्व कप में पहली बार इंग्लैंड को हराया था। अर्जेंटीना के लिए उस मुकाबले में डिएगो माराडोना ने कमाल किया था और दो गोल दागकर टीम को जीत दिलाई थी। 1998 में प्री-क्वार्टरफाइनल मैच में भी अर्जेंटीना ने पेनल्टी शूटआउट में जीत दर्ज की थी।
खबरें और भी
अर्जेंटीना और इंग्लैंड का ओवरऑल रिकॉर्ड
अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें, तो दोनों टीमों ने 14 मैच खेले हैं। इस दौरान भी इंग्लैंड का पलड़ा भारी रहा है। अंग्रेजों ने 6 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि अर्जेंटीना को 3 मैचों में जीत मिली है। इस दौरान 5 मैच ड्रॉ रहे हैं।