मां के अंतिम संस्कार के लिए विश्व कप से लौटेंगे फ्रांस के कोच डिडिएर देसचैम्प्स
फीफा विश्व कप 2026 में फ्रांस की टीम को अपने अंतिम ग्रुप मैच में मुख्य कोच डिडिएर देसचैम्प्स की सेवाएं नहीं मिलेंगी। ...और पढ़ें

कोच डिडिएर देसचैम्प्स
मैसाचुसेट्स, एएनआइ। फीफा विश्व कप 2026 में फ्रांस की टीम को अपने अंतिम ग्रुप मैच में मुख्य कोच डिडिएर देसचैम्प्स की सेवाएं नहीं मिलेंगी। फ्रांसीसी फुटबॉल महासंघ (एफएफएफ) ने बुधवार को बताया कि देसचैम्प्स अपनी मां के निधन के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए फ्रांस लौट रहे हैं, जिसके कारण वह नार्वे के विरुद्ध होने वाले मुकाबले में टीम के साथ नहीं रहेंगे।
एफएफएफ के अनुसार, देसचैम्प्स को मंगलवार सुबह अपनी मां के निधन की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए फ्रांस जाने का फैसला किया। वह न केवल टीम के प्रशिक्षण सत्रों में हिस्सा नहीं लेंगे, बल्कि नार्वे के विरुद्ध 26 जून को होने वाले मुकाबले में टीम बेंच पर भी मौजूद नहीं रहेंगे।
फ्रांसीसी फुटबॉल महासंघ ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि डिडिएर देसचैम्प्स नार्वे के विरुद्ध मैच से पहले होने वाले प्रशिक्षण सत्रों का नेतृत्व नहीं कर पाएंगे। इसके अलावा वह शुक्रवार को ग्रुप-आई में फ्रांस के अंतिम मैच के दौरान टीम बेंच पर भी मौजूद नहीं रहेंगे।
महासंघ ने बताया कि अध्यक्ष फिलिप डियालो की सहमति से देसचैम्प्स ने अपनी अनुपस्थिति के दौरान टीम की जिम्मेदारी सहायक कोच गी स्टीफन को सौंप दी है। गी स्टीफन देसचैम्प्स की वापसी तक टीम का मार्गदर्शन करेंगे।
एफएफएफ ने अपने बयान में कहा कि यह डिडिएर देसचैम्प्स और उनके परिवार के लिए बेहद दुखद समय है। हम उन्हें इस कठिन घड़ी में साहस की कामना करते हैं और आश्वस्त करते हैं कि महासंघ का पूरा परिवार उनके साथ खड़ा है।