रियल मैड्रिड ने सिटी को किया बाहर, पीएसजी भी जीता
यूएफा चैंपियंस लीग के अंतिम 16 में रियल मैड्रिड और पेरिस सेंट जर्मेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। रियल मैड्रिड ने मैनचेस्ट ...और पढ़ें

रियल मैड्रिड ने सिटी को किया बाहर, पीएसजी भी जीता
डिजिटल डेस्क, जागरण दिल्ली। यूएफा चैंपियंस लीग के अंतिम 16 के दूसरे चरण में रियल मैड्रिड और पेरिस सेंट जर्मेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैनचेस्टर सिटी और चेल्सी की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
वहीं नार्वे के छोटे से क्लब बोडो/ग्लिम्ट का शानदार सफर भी समाप्त हो गया। पहले चरण में तीन गोल की बढ़त लेने वाली रियल मैड्रिड ने मंगलवार रात खेले गए मुकाबले में मैनचेस्टर सिटी को उसके घर में 2-1 से हराकर कुल 5-1 के अंतर से क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। मैच का टर्निंग प्वाइंट 20वें मिनट में आया, जब सिटी के कप्तान बर्नार्डो सिल्वा को गोललाइन पर हाथ से गेंद रोकने के कारण रेड कार्ड दिखाया गया।
इसके बाद विनीसियस जूनियर ने पेनाल्टी पर गोल कर टीम को बढ़त दिलाई और बाद में दूसरा गोल भी दागा। हालांकि एर्लिंग हालैंड ने 41वें मिनट में बराबरी का गोल किया, लेकिन 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही सिटी वापसी नहीं कर सकी। दूसरी ओर पीएसजी ने चेल्सी को 3-0 से हराकर कुल 8-2 के बड़े अंतर से अगले दौर में प्रवेश किया। ख्विचा कवारात्सखेलिया, ब्रैडली बारकोला और सेनी मायुलु ने गोल किए। यह जीत पीएसजी के लिए क्लब विश्व कप फाइनल में मिली हार का बदला भी साबित हुई।
आर्सेनल जीता, स्पोर्टिंग लिस्बन ने किया उलटफेर
आर्सेनल ने भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए बायर लीवरकुसेन को 2-0 से हराकर कुल 3-1 से जीत दर्ज की। एबेरेची एजे और डेकलान राइस के गोल ने टीम को अंतिम आठ में पहुंचाया।
हालांकि सबसे बड़ा उलटफेर स्पोर्टिंग लिस्बन ने किया, जिसने पहले चरण में 3-0 से पीछे रहने के बावजूद बोडो/ग्लिम्ट को अतिरिक्त समय में 5-0 से हराकर कुल बढ़त हासिल की। इस तरह चैंपियंस लीग में सबसे यादगार वापसी की सूची में यह प्रदर्शन शामिल हो गया। बोडो/ग्लिम्ट ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए मैनचेस्टर सिटी और एटलेटिको मैड्रिड जैसी टीमों को हराया था, लेकिन उनका सफर यहीं समाप्त हो गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।