डिलीवरी ब्वॉय बनकर घर में घुसा, सास-बहू से आभूषण लूटने वाला अरेस्ट; फरीदाबाद पुलिस ने किया वारदात का खुलासा
फरीदाबाद में ग्रीन फील्ड कॉलोनी में सास-बहू से चाकू के बल पर हुई लूट का मामला सुलझ गया है। पुलिस ...और पढ़ें
-1788069398235_m.webp)
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जागरण
HighLights
फरीदाबाद में सास-बहू से लूट का मामला सुलझा।
डिलीवरी ब्वॉय वीरप्रताप ने ऑनलाइन गेमिंग कर्ज के लिए लूटा।
आरोपी ने पार्सल बहाने से घर की रेकी की थी।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। फरीदाबाद में ग्रीन फील्ड कॉलोनी में घर पर अकेली सास बहू से चाकू के बल पर आभूषण लूट का मामला क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 प्रभारी अशोक कुमार और क्राइम ब्रांच बड़खल प्रभारी शीशपाल की टीम ने सुलझा लिया है।
लूट के आरोप में मूलरूप से कुंभपुरा आगरा निवासी 24 वर्षीय वीरप्रताप उर्फ वीरू नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। वह यहां पल्ला थाना क्षेत्र की गणपति कॉलोनी में रहता था और एक ऑनलाइन शॉपिंग साइट के लिए डिलीवरी ब्वॉय के रूप में काम करता था।
पार्सल देकर चला गया
एसीपी क्राइम वरुण कुमार दहिया ने बताया कि 28 अगस्त को ग्रीन फील्ड कॉलोनी निवासी महिला ने थाना सूरजकुंड में शिकायत दी थी। महिला के अनुसार, 26 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे एक युवक पार्सल रिसीव होने के संबंध में जानकारी लेने घर आया और कुछ देर बाद चला गया।
आभूषण लूटकर हुआ था फरार
इसके करीब डेढ़ घंटे बाद वह डिलीवरी ब्वॉय बनकर घर पहुंचा। महिला की सास ने उसे डिलीवरी ब्वॉय समझकर दरवाजा खोला और बहू को बुलाने अंदर चली गईं। इसी दौरान आरोपी घर में घुस गया और चाकू दिखाकर दोनों महिलाओं को डराने के बाद उनके सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गया।
आरोपी गिरफ्तार हुआ
पुलिस ने 29 अगस्त को आरोपी वीरप्रताप को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि वह डिलीवरी ब्वॉय का काम करता है और पहले भी इस घर में कई बार पार्सल पहुंचा चुका था। इसी दौरान उसे पता चल गया था कि घर में अक्सर महिलाएं ही रहती हैं।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने सुबह पार्सल देने के बहाने घर की स्थिति देखी। पुरुष सदस्य के मौजूद नहीं होने की जानकारी होने के बाद वह दोबारा लूट की नीयत से पहुंचा और वारदात की। पुलिस अब उससे लूटे गए आभूषण और वारदात में इस्तेमाल चाकू की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है।
आरोपी ने बताया है कि ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में उसके ऊपर कर्जा हो गया था। लूट के लिए उसने ऑनलाइन चाकू मंगाया था।
यह भी पढ़ें- सावधान! फरीदाबाद में डिलीवरी ब्वाय बनकर घर में घुसा बदमाश, चाकू दिखाकर सास-बहू से सोने के जेवर लूटे
