दो बार घंटी बजाने पर भड़का किरायेदार, गुरुग्राम में लोहे की पाइप से नगर निगम के मीटर रीडर पर हमला
सेक्टर सात, गुरुग्राम में एक किरायेदार ने दो बार घंटी बजाने पर नगर निगम के पानी मीटर रीडर पर हमला ...और पढ़ें

घंटी बचाने पर पीटा। फोटो: सांकेतिक
HighLights
किरायेदार ने दो बार घंटी बजाने पर हमला किया
मीटर रीडर से मारपीट, सरकारी प्रिंटर-मोबाइल तोड़ा
जान से मारने की धमकी, पुलिस ने केस दर्ज किया
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर सात में जल बिलिंग के लिए पहुंचे नगर निगम के मीटर रीडर पर किरायेदार ने दो बार दरवाजे की घंटी बजाने पर हमला कर दिया।
आरोपित ने पाइप से मारपीट करने के साथ सरकारी बिलिंग प्रिंटर और मोबाइल फोन तोड़ दिया। पीड़ित को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। शिकायत पर न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
जल बिलिंग के लिए घर पहुंचा था मीटर रीडर
पीड़ित आशीष कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वीईई टेक्नोलोजी में काम करते हैं। नगर निगम की ओर से निविदा के तहत वह मकानों में जल बिलिंग का काम कर रहे हैं।
रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह सेक्टर सात स्थित मकान संख्या 938/7 में जल बिलिंग के लिए पहुंचे थे। रीडिंग लेने के लिए उन्होंने दरवाजे की दो बार घंटी बजाई।
घंटी बजाने पर गुस्से में आया किरायेदार
आरोप है कि कुछ देर बाद अंदर से एक व्यक्ति बाहर आया और दो बार घंटी बजाने की बात कहकर गुस्सा करने लगा। उसने आशीष पर पाइप से हमला कर दिया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की। हमले में आशीष की बाएं हाथ की कोहनी पर गंभीर चोट आई।
प्रिंटर और मोबाइल फोन भी तोड़ने आरोप
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपित ने सरकारी बिलिंग प्रिंटर और मोबाइल फोन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। आशीष ने माफी भी मांगी, लेकिन आरोपित ने भविष्य में दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
न्यू कॉलोनी थाना पुलिस के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
