विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में 19वीं मंजिल से गिरे दो मजदूर, एक की मौत के बाद बवाल; पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ और हमला

Published: Sat, 19 Sep 2026 12:38 PM (IST)Updated: Sat, 19 Sep 2026 12:42 PM (IST)

गुरुग्राम में निर्माणाधीन स्मार्ट वर्ल्ड बिल्डिंग की 19वीं मंजिल से गिरकर एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. गुरुग्राम में निर्माणाधीन बिल्डिंग की 19वीं मंजिल से गिरा श्रमिक।

  2. हादसे में 19 वर्षीय दिलखुश की मौके पर ही मौत हो गई।

  3. सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए श्रमिकों ने हंगामा किया।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: बजघेड़ा थाना क्षेत्र के सेक्टर-113 में निर्माणाधीन स्मार्ट वर्ल्ड बिल्डिंग की 19वीं मंजिल से गिरकर एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना शुक्रवार शाम की है। हादसे के बाद गुस्साए श्रमिकों ने बिल्डर और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय दिलखुश के रूप में हुई है, जो कटिहार का रहने वाला था।

वहीं घायल श्रमिक 29 वर्षीय वासुदेव है, जो बंगाल के दक्षिण परगना का रहने वाला है। उसका हाथ टूट गया है। श्रमिकों ने बताया कि सेक्टर-113 में स्मार्ट वर्ल्ड नाम से बिल्डिंग का निर्माण चल रहा है।

शुक्रवार शाम 19वीं मंजिल से गिरे थे दो श्रमिक

यहां कई महीनों से श्रमिक काम कर रहे हैं। शुक्रवार शाम कुछ श्रमिक 19वीं मंजिल पर काम कर रहे थे, इसी दौरान पैर फिसलने से दिलखुश और वासुदेव नीचे गिर गए।

दिलखुश सीधे नीचे आकर गिरे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वासुदेव ने गिरते हुए लोहे की सरिया पकड़ ली, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों ने उसे बचा लिया।

WhatsApp Image 2026-09-19 at 12.22.33

श्रमिकों का आरोप है कि साइट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। वहीं बजघेड़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने इसे महज एक हादसा बताया। कहा कि अभी परिवार की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। श्रमिकों ने कोई आरोप नहीं लगाया।

पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़, ठेकेदार और पुलिसकर्मी पर हमला

गुस्साए श्रमिकों ने ठेकेदार सद्दाम पर सुरक्षा उपकरण न देने का आरोप लगाते हुए उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीट दिया। बीच-बचाव करने आए हेड कांस्टेबल विनोद पर भी हमला कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस की ईआरवी गाड़ी पर भी हमला कर उसका शीशा तोड़ दिया। हालात बिगड़ते देख बजघेड़ा थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में वर्कसाइट पर भीषण हादसा, सेंट स्टीफंस के छात्र की गाड़ी ने 3 मजदूरों को रौंदा