गुरुग्राम गोल्फ कोर्स रोड पर भीषण कार हादसा, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर लेन बदलते समय अनियंत्रित हुई तेज रफ्तार कार ने दो गाड़ियों को टक्कर मार ...और पढ़ें

गुरुग्राम गोल्फ कोर्स रोड पर भीषण कार हादसा ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
गोल्फ कोर्स रोड पर तेज रफ्तार कार का हादसा।
लेन बदलते समय अनियंत्रित होकर दो गाड़ियों को टक्कर मारी।
वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार एक गाड़ी लेन बदलते हुए अनियंत्रित हो गई थी और दो अन्य गाड़ियों को टक्कर मार दी थी।
हादसे का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपित की पहचान कर गिरफ्तारी करेगी।
बेहद तेज थी टक्कर
प्रसारित वीडियो गोल्फ कोर्स रोड स्थित एक अंडरपास का है। वीडियो में एक कार चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आगे चल रही दो गाड़ियों को टक्कर मारता दिख रहा है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक गाड़ी पलट गई, जबकि दूसरी गाड़ी अंडरपास की दीवार से जा टकराई।
हादसे को अंजाम देने वाली गाड़ी भी अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। इस हादसे को लेकर पुलिस को किसी भी व्यक्ति ने शिकायत नहीं दी थी। इसके बाद पुलिस ने इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लिया।
पूछताछ में सामने आईं कई बातें
थाना सुशांत लोक की टीम मौके पर पहुंची और सेक्टर-42/27 के पास स्थित अंडरपास का निरीक्षण किया। आसपास पूछताछ और जांच में सामने आया कि यह हादसा 31 अक्टूबर की अलसुबह हुआ था।
जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि आरोपित की पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में फर्जी एनओसी से कार बेचने की ठगी, एक और आरोपी गिरफ्तार