Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुग्राम पंचायत उपचुनाव: 21 से 25 अप्रैल तक नामांकन, 10 मई को होगा मतदान

    Updated: Fri, 17 Apr 2026 04:17 AM (IST)

    गुरुग्राम जिले में पंचायत उपचुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया 21 से 25 अप्रैल तक चलेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह ने बताया कि नामांकन पत्रों की ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    गुरुग्राम जिले में पंचायत उपचुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया 21 से 25 अप्रैल तक चलेगी। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। जिले की विभिन्न पंचायतों में उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक चलेगी। इच्छुक प्रत्याशी उक्त अवधि में संबंधित ग्राम पंचायत में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन भर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 27 अप्रैल को की जाएगी।

    यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि जिले में आगामी पंचायत उपचुनावों के सफल एवं सुचारु संचालन हेतु संबंधित क्षेत्रों में रिटर्निंग अधिकारियों (आरओ) एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (एआरओ) की नियुक्ति कर दी गई है।

    इन अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के सभी चरणों की निगरानी, नामांकन पत्रों की जांच, मतगणना तथा परिणाम घोषणा तक की संपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करें।

    नामांकन प्रक्रिया के उपरांत जो प्रत्याशी अपना नामांकन वापिस लेना चाहते हैं वे 28 अप्रैल को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने संबंधित रिटर्निंग अधिकारी को सूचित कर सकते हैं। जिले में निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने हेतु प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

    10 मई को होगा मतदान, मतदान केंद्र पर ही होगी मतगणना

    मतदान की तिथि 10 मई को सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक निर्धारित की गई है। मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्र पर ही की जाएगी। यदि पुनर्मतदान (री-पोल) की आवश्यकता होती है, तो इसके लिए 12 मई की तिथि निर्धारित की गई है।

    पुनर्मतदान का परिणाम भी मतगणना के तुरंत बाद घोषित किया जाएगा। पटौदी ब्लाक के गांव बासपदमका में सरपंच पद के चुनाव के लिए एसडीएम पटौदी को रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार रोहतास को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। फरुखनगर ब्लाक में गांव अलमदी में वार्ड 9, झांझरोला खेड़ा में वार्ड 2 में पंच पद के लिए उपचुनाव होंगे।

    यहां एचएसएएमबी के क्षेत्रीय प्रशासक जितेंद्र कुमार को रिटर्निंग अधिकारी तथा तहसीलदार सज्जन सिंह को सहायक रिटर्निंग अधिकारी लगाया गया है।

    सोहना ब्लॉक में ग्राम पंचायत बादशाहपुर ठेठर (पंचायत समिति), ग्राम पंचायत खेड़ली लाला (पंचायत समिति), ग्राम पंचायत मंडावर (पंचायत समिति), ग्राम पंचायत निमोठ (पंचायत समिति) तथा पंच पद के लिए गांव बादशाहपुर ठेठर में वार्ड संख्या 3, बिल्हाका में वार्ड संख्या 6, खूूटपूरी में वार्ड संख्या 7, महेंद्रवाडा में वार्ड संख्या 3, रानीका सिंघोला में वार्ड संख्या 6, रिठोज में वार्ड संख्या 14 तथा सहजावास के वार्ड 1 में उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए एसडीएम अखिलेश यादव को रिटर्निंग अधिकारी तथा तहसीलदार शिखा गर्ग को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।

    इसी तरह गुरुग्राम ब्लाक के गांव माकड़ौला में वार्ड 9 में पंच पद के लिए चुनावी प्रक्रिया पूरी करवाने के लिए गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार को रिटर्निंग अधिकारी तथा तहसीलदार जगदीश को सहायक रिटर्निंग अधिकारी लगाया गया है।

    यह भी पढ़ें: ईस्ट-टू-वेस्ट कनेक्टिविटी को मिली गति, फरीदाबाद में 8 किमी एलिवेटेड कारिडोर और 9 किमी नई सड़क का काम तेज