गुरुग्राम: रैपिड मेट्रो में ब्लैकआउट पर HVPNL का सख्त एक्शन, एक SDO समेत तीन सस्पेंड
रैपिड मेट्रो सेवा बाधित होने के मामले में हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम ने तीन अधिकारियों को निलंबित किया है। यह कार्रवाई गुरुग्राम के सेक्टर-72 सब-स्ट ...और पढ़ें

रैपिड मेट्रो सेवा हुई थी ठप। फाइल फोटो
HighLights
रैपिड मेट्रो सेवा बाधित होने पर तीन अधिकारी निलंबित।
सेक्टर-72 सब-स्टेशन फाल्ट से बिजली आपूर्ति ठप हुई।
वैकल्पिक व्यवस्था में देरी से यात्री हुए परेशान।
आदित्य राज, गुरुग्राम। रैपिड मेट्रो सेवा ठप होने के लिए तीन अधिकारियों को जिम्मेदार मानते हुए हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से शनिवार शाम निलंबित कर दिया। इनमें फरीदाबाद के पाली स्थित 220 केवी सब-स्टेशन के प्रभारी एसडीओ संदीप सिंह, जेई बृजेश एवं गुरुग्राम के सेक्टर-72 स्थित 220 केवी सब-स्टेशन में तैनात संदीप जैन के नाम शामिल हैं। साथ ही सेवा ठप होने के पीछे और क्या-क्या कारण रहे, इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
शुक्रवार शाम सात बजकर 50 मिनट पर गुरुग्राम के सेक्टर-72 स्थित 220 केवी सब-स्टेशन में फाल्ट आ गया था। इस सब-स्टेशन से सेक्टर-56 स्थित 220 केवी सब-स्टेशन को बिजली मिलती है। सेक्टर-56 स्थित 220 केवी सब-स्टेशन को वैकल्पिक तौर पर फरीदाबाद के पाली स्थित 220 केवी सब-स्टेशन से जोड़ा हुआ है ताकि किसी भी सब-स्टेशन में फाल्ट आने पर पांच से दस मिनट के भीतर बिजली आपूर्ति शुरू हो सके। सेक्टर-56 स्थित 220 केवी सब-स्टेशन से सेक्टर-56 में ही संचालित 66 केवी सब-स्टेशन को बिजली मिलती है।
40 मिनट बाद रैपिड मेट्रो को बिजली आपूर्ति शुरू हुई
आगे इस सब-स्टेशन से रैपिड मेट्रो को बिजली आपूर्ति की जाती है। व्यवस्था के मुताबिक सेक्टर-72 स्थित 220 केवी सब-स्टेशन के फेल होते ही पांच से दस मिनट के भीतर पाली स्थित 220 केवी सब-स्टेशन से सेक्टर-56 स्थित 220 केवी सब स्टेशन को बिजली आपूर्ति शुरू हो जानी चाहिए थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। लगभग 40 मिनट बाद रैपिड मेट्रो को बिजली आपूर्ति शुरू हुई। इससे हजारों यात्री परेशान हुए।
अंधेरे में ट्रैक पर पैदल चलकर यात्री नजदीक स्टेशनों पर पहुंचे। स्टेशनों पर 40 मिनट तक ब्लैकआउट जैसी स्थिति रही। यही नहीं सेक्टर-72 सब-स्टेशन के फेल होने से नए गुरुग्राम के अधिकतर इलाकों में रात 11 बजे तक ब्लैकआउट जैसी स्थिति रही। बताया जाता है कि इस मामले को प्रदेश के बिजली मंत्री अनिल विज ने गंभीरता से लिया है। इसका असर यह दिखने लगा है।
खबरें और भी
अन्य अधिकारियों पर भी आ सकती है आंच
शनिवार शाम तत्काल प्रभाव से तीन अधिकारियों को निलंबित करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में अन्य अधिकारियों पर भी आंच आ सकती है। एक एसडीओ एवं दो जेई को निलंबित किए जाने की पुष्टि हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के मुख्य अभियंता वीएस राघव ने की है। उनका कहना है कि कार्यों में लापरवाही बरतने पर तीनों को निलंबित किया गया है।
आगे से ऐसी स्थिति सामने न आए, इसके ऊपर गंभीरता से विचार किया जाएगा। यदि पाली सब-स्टेशन से बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जाती तो रैपिड मेट्राे की सेवा अधिक देर तक बाधित नहीं होती। भीषण गर्मी की वजह से सिस्टम में दिक्कत आ रही है लेकिन जब वैकल्पिक व्यवस्था है फिर उसका समय पर उपयोग किया जाना चाहिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।