विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में गंदगी फैलाने वालों को मिलेगा कड़ा सबक, नगर निगम का पूरा प्लान तैयार, अधिकारियों को मिला ये निर्देश

Published: Mon, 23 Nov 2026 01:03 AM (IST)

गुरुग्राम नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए अधिकारियों और सफाई एजेंसियों की जवाबदेही तय की है। 

गुरुग्राम में सफाई व्यवस्था सुधारने को निगम की सख्त निगरानी ( फोटो स्रोत : जागरण)

गुरुग्राम में सफाई व्यवस्था सुधारने को निगम की सख्त निगरानी ( फोटो स्रोत : जागरण)

HighLights

  1. अधिकारियों और सफाई एजेंसियों की जवाबदेही तय की गई।

  2. फील्ड विजिट कर सफाई कार्यों की वास्तविक स्थिति जांचें।

  3. लापरवाही मिलने पर एजेंसियों के खिलाफ होगी कार्रवाई।

आदित्य राज, गुरुग्राम। गुरुग्राम की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने अब अधिकारियों और सफाई एजेंसियों की जवाबदेही तय करने की तैयारी की है।

डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, सड़कों की सफाई, कचरा संवेदनशील स्थानों (जीवीपी) और सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सफाई कार्यों की वास्तविक स्थिति जांचें

निगमायुक्त डॉ पंकज ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे कार्यालयों में बैठकर रिपोर्ट देखने के बजाय फील्ड में उतरकर सफाई कार्यों की वास्तविक स्थिति जांचें। एजेंसियों को टेंडर की शर्तों के अनुसार कर्मचारी, वाहन, मशीनरी और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने होंगे।

निगमायुक्त शनिवार को अपने कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी प्रकार की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सुविधाओं को जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश

निगमायुक्त ने नई एजेंसियों को सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट, पार्किंग स्थल और अन्य जरूरी सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण का काम बिना देरी शुरू हो सके।

एजेंसियों को जीपीएस और आरएफआईडी से संबंधित सभी औपचारिकताएं निर्धारित समय में पूरी करनी होंगी।

संयुक्त आयुक्तों को अपने क्षेत्रों में यह जांचने के निर्देश दिए गए कि कितने वाहन नियमित रूप से चल रहे हैं और कितने घरों से प्रतिदिन कूड़ा उठाया जा रहा है। एजेंसियों को भुगतान भी वास्तविक कार्य और निर्धारित शर्तों के आधार पर ही किया जाएगा।

लापरवाही मिलने पर ब्लैकलिस्ट करने सहित नियमानुसार कार्रवाई होगी। निगमायुक्त ने संयुक्त आयुक्तों को वॉर्ड पार्षदों के साथ मिलकर कूड़ा संग्रहण वाहनों की जांच करने को भी कहा, ताकि व्यवस्था की निगरानी में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

सार्वजनिक शौचालयों की भी होगी निगरानी

रोड स्वीपिंग मशीनों के संचालन और उनकी कार्यक्षमता की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए। मशीनों से मुख्य सड़कों के साथ ग्रीन बेल्ट की सफाई भी सुनिश्चित करनी होगी। इसके अलावा, सभी सफाई कर्मचारियों की दैनिक उपस्थिति एसडब्ल्यूएम मॉनिटरिंग पोर्टल पर दर्ज करने को कहा गया है।

शहर के सभी गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (जीवीपी) की नियमित और समयबद्ध सफाई करने तथा जरूरत के अनुसार इन्हें कवर करने के निर्देश दिए गए।

सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई और रखरखाव व्यवस्था में भी सुधार करने को कहा गया। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि केवल कागजों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त दिखाने से काम नहीं चलेगा।

अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट कर कार्यों की निगरानी करनी होगी। बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका व रविन्द्र यादव सहित संयुक्त आयुक्त, कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता और वरिष्ठ सफाई निरीक्षक उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- कानपुर चिड़ियाघर में 30 से अधिक वन्यजीवों की मौत निगरानी पर सवाल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।