गुरुग्राम में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, बसों की होगी गहन जांच
गुरुग्राम प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए सख्त रुख अपनाया है। हरियाणा की सुरक्षित वाहन नीति के तहत बादशाहपुर उपमंडल में स्कूल बसों की नियमि ...और पढ़ें
-1770149823371_m.webp)
गुरुग्राम में स्कूली बस की गहन जांच करने के प्रशासन ने दिए आदेश।
गौरव सिंगला, नया गुरुग्राम। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। हरियाणा सरकार की सुरक्षित वाहन नीति के तहत बादशाहपुर उपमंडल में चलने वाली स्कूल बसों की व्यापक और नियमित जांच की जाएगी।
यह कार्रवाई जिला उपायुक्त गुरुग्राम अजय कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक और 27 जनवरी के आदेश के बाद तेज की गई है, जिसमें जिले के सभी एसडीएम को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि स्कूल बसों की समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए और नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
बैठक में डीसी अजय कुमार ने कहा था कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बीते वर्षों में स्कूल बसों से जुड़े हादसों और लापरवाहियों को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम समय रहते एहतियातन उठाया है, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इसके बाद एसडीएम बादशाहपुर ने परिवहन विभाग, ट्रैफिक पुलिस और शिक्षा विभाग के साथ संयुक्त रूप से अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। इस अभियान के तहत बसों की फिटनेस, परमिट, बीमा, पीयूसी, टैक्स, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, फायर सेफ्टी उपकरण, फर्स्ट-एड बॉक्स और आपातकालीन निकास की गहन जांच की जाएगी।
साथ ही बस चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वर्दी, बैज, महिला अटेंडेंट की तैनाती, बच्चों की सुरक्षित सीटिंग व्यवस्था, बस पर स्कूल का नाम और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर का स्पष्ट अंकन भी जांच के दायरे में रहेगा।
एसडीएम बादशाहपुर के अधीन आने वाले प्रमुख स्कूलों में शिव नादर स्कूल, डीपीएस सेक्टर-45, लोटस वैली, श्री राम स्कूल अरावली, श्री राम स्कूल मौलसारी, हेरिटेज स्कूल, शालोम हिल्स, एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, स्कॉटिश हाई इंटरनेशनल स्कूल समेत कई नाम शामिल हैं, जिनकी बसों की भी चरणबद्ध तरीके से जांच की जाएगी।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षित वाहन नीति के तहत किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर बस चालकों के साथ-साथ संबंधित स्कूल मालिक और प्रबंधन के विरूद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। - संजीव सिंगला, एसडीएम बादशाहपुर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।