'आरोपी ड्राइवर की खैर नहीं, खंगाले जा रहे CCTV फुटेज..!, 20 किमी तक घसीटकर मौत के घाट उतारने के मामले में एक्शन में पुलिस
मानेसर बस स्टैंड पर झगड़े के बाद एक व्यक्ति को बस के आगे 20 किमी तक घसीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
-1795371690398_m.webp)
20 km तक बस से घसीटने पर व्यक्ति की मौत ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
मानेसर में बस के आगे लटकाकर 20 किमी घसीटा गया।
व्यक्ति की गिरने से मौत, पुलिस ने जांच तेज की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही, आरोपी चालक फरार।
विनय त्रिवेदी, गुरुग्राम। मानेसर बस स्टैंड पर झगड़े के बाद व्यक्ति को बस के आगे लटकाकर करीब 20 किमी तक भगाने और उसके बाद गिरने से मौत मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
अब मानेसर बस स्टैंड से कापड़ीवास के बीच में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपित बस ड्राइवर की भी तलाश कर रही है। मानेसर गांव निवासी कृष्ण कुमार बिल्डिंग मटीरियल सप्लायर थे।
जब बस ड्राइवर को भगा दिया गया...
बुधवार सुबह कैंटर लेकर आईएमटी मानेसर चौक जा रहे थे, इसी दौरान घटना हुई। मानेसर बस स्टैंड के पास उनका और बस चालक में झगड़ा हुआ था। इसके बाद कृष्ण कुमार ने बस रोकने की कोशिश की और बेटे को बुलाया।
परिवार के लोगों के आने के बाद बस चालक ने बस भगा दी। रोकने के लिए कृष्ण कुमार वाइपर पकड़कर शीशा साफ करने वाले पायदान पर खड़े हो गए थे। बेटे तनुष कुमार यादव ने बताया कि बस पर नवीन ट्रेवेल्स लिखा हुआ था और यह निजी बस थी।
बस के चालक ने बस की रफ्तार काफी तेज कर रखी थी। जब भी उसने अपनी नेक्सान कार से ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की तो बस चालक ने कट मारे। जिससे उसकी कार क्षतिग्रस्त हो गई।
बिलासपुर चौक के पास खड़ी पुलिस पर भी आरोप
तनुष ने यह भी आरोप लगाया कि जब बस बिलासपुर चौक पार कर रही थी तब चौक के पास कुछ पुलिस राइडर्स भी खड़े थे, लेकिन उन्होंने बस को रोकने या अन्य तरह की कोई कार्रवाई नहीं की। अगर पुलिसकर्मी उस दौरान बस को रुकवा लेते तो घटना नहीं होती।
जब बस चालक ने कापड़ीवास बार्डर पर बस तेजी से घुमाई, तो कृष्ण कुमार नीचे गिर गए। आरोप है कि इसके बाद बस उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने लापरवाही से मौत की धाराओं में केस दर्ज किया है। बेटे की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। मानेसर थाना पुलिस का कहना है कि हाईवे के किनारे प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच में जो भी सामने आएगा, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।