Trending

    Haryana Weather: हरियाणा में तापमान बढ़ने से महसूस हो रही गर्मी, दो पश्चिमी विक्षोभ से मिल सकती है राहत; कैसा रहेगा आज का मौसम?

    Updated: Wed, 04 Mar 2026 07:00 AM (IST)

    हरियाणा में मार्च की शुरुआत में ही गर्मी बढ़ गई है, जिससे लोग पंखे चलाने लगे हैं। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, मार्च के पहले पखवाड़े में दो पश्चिमी ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    मार्च की शुरुआत में ही हरियाणा में बढ़ी गर्मी (फाइल फोटो)

    जागरण संवाददाता, करनाल। हरियाणा के अधिकांश जिलों में मार्च की शुरुआत तेज गर्मी के साथ हुई है। महीने के पहले सप्ताह में ही लोगों ने फैन चलाना शुरू कर दिया है। अचानक बढ़ी गर्मी ने जहां परेशानी बढ़ा दी है, वहीं मार्च महीने के पहले पखवाड़े में सक्रिय होने वाले दो पश्चिमी विक्षोभ तापमान को संतुलित रखने में सहायक साबित हो सकते हैं।

    मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा, लेकिन चार मार्च के बाद मौसम का मिजाज बदल सकता है। पश्चिमी हिमालय की ओर बढ़ रहे दो पश्चिमी विक्षोभों का अप्रत्यक्ष असर मैदानी इलाकों, खासकर हरियाणा में भी महसूस किया जा सकता है। पहला पश्चिमी विक्षोभ चार मार्च को सक्रिय होगा और पांच मार्च तक प्रभावी रहेगा। छह मार्च को इसका हल्का असर रह सकता है। हालांकि, मैदानी भागों में इसका असर नहीं दिखेगा।

    दूसरा पश्चिमी विक्षोभ सात से 12 मार्च तक सक्रिय रहेगा। यह अधिक प्रभावशाली सिस्टम माना जा रहा है, जो सहायक हवाओं के कारण मजबूत होगा। पहाड़ी क्षेत्र में बर्फबारी व मैदानी क्षेत्र में हवा का रुख बदलने से बढ़ते तापमान पर अंकुश लग सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इन सिस्टमों से पहाड़ों में बढ़ती गर्मी से अस्थायी राहत मिलेगी, जिसका हल्का असर करनाल सहित मैदानी इलाकों में तापमान की रफ्तार पर भी पड़ सकता है।

    मार्च के दूसरे पखवाड़े में तेज गर्मी करेगी परेशान

    मार्च महीने की शुरुआत में ही अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। रात के तापमान में भी वृद्धि देखने को मिल रही है। जबकि आद्रता 46 प्रतिशत रही। दिनभर हल्की गर्माहट के साथ धूप खिली रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में मौसम साफ रहने की संभावना है। मार्च के दूसरे पखवाड़े में फिर से तापमान में उतार-चढ़ाव और गर्मी बढ़ने के संकेत हैं। फिलहाल करनाल में सुबह-शाम की हल्की ठंडक और दिन की मध्यम गर्माहट लोगों को सुहावना मौसम दे रही है। दूसरे पखवाड़े में तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है।