विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नारनौल जेल में नशे का खेल, बंदी को सुल्फा देने वाला वार्डन निलंबित; बैंक खातों से खुला गठजोड़

Published: Thu, 22 Oct 2026 12:43 PM (IST)

नारनौल जेल में एक वार्डन को बंदी को सुल्फा देते हुए पकड़ा गया, जिसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया ...और पढ़ें

बंदी को सुल्फा देते पकड़े गए वार्डन को जेल विभाग ने निलंबित किया। AI जनरेटेड

बंदी को सुल्फा देते पकड़े गए वार्डन को जेल विभाग ने निलंबित किया। AI जनरेटेड

HighLights

  1. नारनौल जेल में वार्डन बंदी को सुल्फा देते पकड़ा गया।

  2. आरोपी वार्डन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

  3. वार्डन के खाते में बंदियों के परिजनों से लेनदेन का खुलासा।

जागरण संवाददाता, नारनौल। दो दिन पूर्व नसीबपुर जेल में बंदी को सुल्फा देते पकड़े गए वार्डन को जेल विभाग ने निलंबित कर दिया है। इस मामले की परतें धीरे-धीरे खुलती जा रही हैं।

जेल अधिकारियों की मानें तो आरोपी वार्डन के बैंक खाते में बंदियों व कैदियों के परिजनों से रुपयों की ट्रांजेक्शन की बात भी सामने आई है। जाहिर है कि ऐसे में जेल के वार्डन और अपराधियों के बीच गठजोड़ का भी खुलासा हो गया है। हालांकि, उधर आरोपी जेल वार्डन को न्यायालय से जमानत मिल गई है।

बंदी को सुल्फा देते हुए पकड़ा

गौरतलब है कि दशहरे की छुट्टी के दिन आरोपी जेल वार्डन संजीव जेल में गए थे। इसी दौरान जेल उपाधीक्षक रविंद्र सिंह और जेल अधीक्षक संजय बांगड़ ने आरोपी जेल वार्डन को एक बंदी को सुल्फा देते हुए पकड़ लिया था।

आरोप है कि आरोपी वार्डन ने इस दौरान जेल उपाधीक्षक के साथ भी बदतमीजी की। इस पर जेल अधीक्षक ने डीजीपी को सूचना देकर पुलिस बुला ली और आरोपी बंदी के कब्जे से 29 ग्राम सुल्फा बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

बुधवार को दोनों को न्यायालय में पेश कर दिया गया। न्यायालय ने 100 ग्राम से कम नशीला पदार्थ होने की वजह से आरोपितों को जमानत पर रिहा कर दिया।

उधर, जेल अधीक्षक ने आरोपी वार्डन को निलंबित करने के लिए जेल डीजीपी को संस्तुति पत्र भेज दिया था। इस पर कार्रवाई करते हुए बुधवार शाम को ही आरोपी वार्डन को निलंबित कर दिया गया है।

अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आरोपी वार्डन के खाते में जुलाई माह में एक कैदी के परिजनों से चार हजार रुपये की ट्रांजेक्शन होने की जानकारी सामने आई है। इसी तरह इससे पहले भी एक बार दस हजार रुपये भी खाते में डलवाने की बात सामने आई है।

आरोपी वार्डन को निलंबित

इस मामले में गंभीरता से जांच की गई तो अपराधियों और जेल वार्डन के बीच की सांठगांठ की और भी परतें खुल सकती हैं। जेल अधीक्षक संजय बांगड़ ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी वार्डन को निलंबित कर दिया गया है। उसके खाते में कैदी के परिजनों के खाते से जुलाई माह में चार हजार रुपये की ट्रांजेक्शन की जानकारी सामने आई है।

रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार

गौरतलब है कि नसीबपुर जेल (नारनौल जेल) के दो वार्डन को 9 दिसंबर 2021 को विजिलेंस टीम ने जेल वार्डन राजन और बाद में दूसरे वार्डन गजे सिंह को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। यह रिश्वत गैंगस्टर विक्रम उर्फ पपला गुर्जर के साथी के भाई से ली गई थी।

इस मामले में बाद में जेल के उपाधीक्षक कुलदीप हुड्डा और जेलर अनिल कुमार का नाम भी सामने आया था। गिरफ्तारी के डर से जेल उपाधीक्षक ने आत्महत्या कर ली थी।