Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब के हड़ताली आढ़तियों ने कमीशन वृद्धि के लिए हरियाणा सीएम से लगाई गुहार

    Updated: Fri, 03 Apr 2026 01:05 AM (IST)

    पंजाब के आढ़ती अपनी कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चंडीगढ़ में मुलाकात की। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    पंजाब के आढ़तियों ने हरियाणा सीएम नायब सैनी से चंडीगढ़ में की मुलाकात

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब में कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल पर चल रहे आढ़तियों ने बुधवार रात हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके चंडीगढ़ आवास पर मुलाकात की।

    पंजाब और हरियाणा में एक अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद आरंभ हो चुकी है। हरियाणा में खरीद सुचारू चल रही है, जबकि पंजाब में कमीशन नहीं बढ़ने के चक्कर में आढ़तियों ने हड़ताल कर दी है। हरियाणा में आढ़तियों को 55 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कमीशन मिल रहा है, जबकि पंजाब में 46 रुपये क्विंटल कमीशन है। पंजाब के आढ़ती यह कमीशन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

    पंजाब के आढ़तियों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनकी कमीशन बढ़ाने की मांग को पूरा कराने में हस्तक्षेप का अनुरोध किया है। कुछ साल पहले पंजाब के आढ़तियों की कमीशन ढाई प्रतिशत से घटाकर 46 रुपये प्रति क्विंटल की गई थी, जिसके बाद आंदोलन हुआ और एफसीआई की ओर से चार रुपये 75 पैसे की बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया गया है, लेकिन पंजाब के आढ़ती यह कमीशन हरियाणा के समान करने की मांग पर रहे हैं।

    आढ़तियों का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा लागू किए जा रहे ईपीएफ नियमों से आढ़तियों को बाहर रखा जाए और जारी नोटिस रद किए जाएं। आढ़तियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि पंजाब में लगभग 40 हजार आढ़ती, करीब सवा लाख मुनीम तथा छह से सात लाख श्रमिक इस व्यवस्था से जुड़े हुए हैं। समस्या के समाधान के लिए सरकार से वार्ता हुई, लेकिन कोई हल नहीं हुआ। फसल खरीद के इस सीजन में आढ़ती वर्ग के साथ-साथ लेबर तबका और किसान भी परेशान हैं।

    नायब सैनी ने इस विषय पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वह स्वयं कई बार पंजाब का दौरा कर चुके हैं और वहां हर वर्ग परेशान है। समस्याओं के हल की तरफ वहां की आप पार्टी की सरकार कुछ नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों ने पंजाब की आर्थिक स्थिति को कमजोर कर दिया है और प्रदेश को 'कंगाल' बनाने का काम किया है। आढ़तियों की समस्या के समाधान के लिए वह प्रयास करेंगे।

    मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में आढ़ती पंजाब फेडरेशन के अध्यक्ष वियाह कालरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह बराड़, उपाध्यक्ष देवी दयाल, आढ़ती एसोसिएशन पटियाला के अध्यक्ष मुल्खराज गुप्ता, मोगा के अध्यक्ष शमीर जैन शामिल रहे। बैठक में पंजाब भाजपा के संगठन मंत्री श्रीनिवासु, मुख्यमंत्री हरियाणा के ओएसडी डा. प्रभलीन तथा ओएसडी भारत भूषण भारती भी उपस्थित रहे।