पंचकूला पुलिस ने हिसार से दबोचा साइबर ठग, खाते में करोड़ों की ट्रांजेक्शन, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई जिलों की पुलिस को थी तलाश
पंचकूला पुलिस ने हिसार से एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपित के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन पाए गए हैं। उत्तर प्रदेश और हरियाण ...और पढ़ें

वर्क फ्रॉम होम का लालच देकर ठगता था लोगों को। हिसार से दबोचा साइबर ठग।
वर्क फ्राम होम के नाम पर 9.27 लाख की साइबर ठगी
हिसार से आरोपित गिरफ्तार, 1.33 करोड़ का लेन-देन उजागर
जागरण संवाददाता, पंचकूला। टेलीग्राम के जरिये वर्क फ्रॉम होम का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले शातिर को पंचकूला की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने हिसार से दबोच लिया है। गांव कुलेरी निवासी सुनील कुमार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। पूछताछ के दौरान उसके बैंक खातों में एक करोड़ 33 लाख रुपये के लेन-देन का पता चला है। सुनील की तलाश यूपी पुलिस सहित हरियाणा के कई जिलों की पुलिस भी कर रही थी।
इस मामले में पंचकूला निवासी एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि वर्क फ्राम होम का झांसा देकर उससे 9.27 लाख रुपये की ऑलाइन ठगी की गई है। पुलिस ने हिसार के गांव कुलेरी निवासी सुनील के खिलाफ केस दर्ज किया था। वह लंबे समय से पुलिस की निगाहों में था और कई बार गिरफ्तारी से बचता रहा था। आखिरकार उसे हिसार से गिरफ्तार कर लिया गया।
डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन के अनुसार, रिमांड के दौरान आरोपित से हुई प्रारंभिक पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है। ठगी की रकम में से 4 लाख 18 हजार रुपये आरोपित के बैंक खाते में मिले हैं। इसके अतिरिक्त, उसके बैंक खातों में अन्य साइबर ठगी के मामलों से जुड़े करीब 1 करोड़ 33 लाख रुपये के लेन-देन का पता चला है।
सुनील से की गई पूछताछ में अन्य आरोपितों की संलिप्तता के संकेत भी मिले हैं, जिनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। पूरे गिरोह का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।