हरियाणा में IAS-IPS अधिकारियों का बढ़ा महंगाई भत्ता, अब 63 प्रतिशत हुआ DA; जुलाई से मिलेगा लाभ
हरियाणा सरकार ने आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारियों के महंगाई भत्ते में 3% की वृद्धि की है, जिससे यह 60% से बढ़कर 63% हो गया है।
-1795437653505_m.webp)
हरियाणा में IAS-IPS अधिकारियों का बढ़ा महंगाई भत्ता। सांकेतिक फोटो
HighLights
अधिकारियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की वृद्धि।
अब मूल वेतन का 63 प्रतिशत मिलेगा महंगाई भत्ता।
बढ़ी हुई दरें एक जुलाई 2026 से लागू होंगी।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में कार्यरत भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस), भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) और भारतीय वन सेवा (आइएफएस) अधिकारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इसके तहत अब अधिकारियों को उनके मूल वेतन का 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा, जबकि पहले यह 60 प्रतिशत था। बढ़ी हुई दरें एक जुलाई 2026 से लागू होंगी।
केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग की ओर से 29 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय ज्ञापन के आधार पर हरियाणा के कार्मिक विभाग ने सोमवार को परिपत्र जारी किया। मुख्य सचिव कार्यालय के निर्देश के अनुसार, बढ़ा हुआ डीए नवंबर 2026 के वेतन के साथ दिया जाएगा। जुलाई से अक्टूबर 2026 तक के चार महीने का एरियर जनवरी 2027 में मिलेगा।
डीए वेतन से अलग पारिश्रमिक का हिस्सा बना रहेगा
केंद्र के आदेश के मुताबिक, डीए की गणना सातवें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत तय पे मैट्रिक्स में संबंधित स्तर के मूल वेतन के आधार पर होगी। विशेष वेतन या अन्य किसी तरह का वेतन इसमें शामिल नहीं होगा।
डीए वेतन से अलग पारिश्रमिक का हिस्सा बना रहेगा। गणना में 50 पैसे या इससे अधिक के अंश को अगले रुपये में पूर्णांकित किया जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम के अंश को नजरअंदाज किया जाएगा।
अन्य अधिकारियों पर भी लागू
परिपत्र सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों और बोर्ड-निगमों के प्रबंध निदेशकों समेत संबंधित अधिकारियों को भेजा गया है।
अखिल भारतीय सेवा (महंगाई भत्ता) नियम 1972 के नियम तीन के अनुसार, बढ़ी हुई दरें प्रदेश कैडर में कार्यरत अखिल भारतीय सेवा के सदस्यों और उन अन्य अधिकारियों पर भी लागू होंगी, जिनका प्रारंभिक वेतन आइएएस (पे) रूल्स 2016, आइपीएस (पे) रूल्स 2016 और आइएफएस (पे) रूल्स 2016 के तहत तय है।