Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा विजन डॉक्यूमेंट: 50 लाख युवाओं को मिलेगा रोजगार, एक ट्रिलियन डॉलर की होगी अर्थव्यवस्था

    Updated: Sat, 29 Nov 2025 05:19 PM (IST)

    हरियाणा सरकार ने 2047 तक 50 लाख नए रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा है। विजन डॉक्यूमेंट-2047 के अनुसार राज्य की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक पहु ...और पढ़ें

    Hero Image

    हरियाणा विजन डॉक्यूमेंट: 50 लाख युवाओं को मिलेगा रोजगार। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में वर्ष 2047 तक 50 लाख नए रोजगार सृजित किए जाएंगे। राज्य का विजन डॉक्यूमेंट-2047 तैयार है, जिसमें भविष्य के हरियाणा की तस्वीर दिखाई गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में तैयार इस विजन डॉक्यूमेंट में बताया गया है कि कैसे हरियाणा की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डालर तक पहुंचाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत का विजन आत्मनिर्भर, समृद्ध, सशक्त, सक्षम, समावेशी और तकनीकी रूप से उन्नत भारत के निर्माण का है। इस विजन को साकार करने में हरियाणा की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। इसे राष्ट्र के विजन डॉक्यूमेंट से सामंजस्य करते हुए बनाया गया है।

    प्रदेश सरकार ने ''मिशन हरियाणा-2047'' नामक उच्च स्तरीय टास्क फोर्स गठित की है जिसने राज्य के सकल घरेलू उत्पाद को दस खरब डालर तक पहुंचाने और 50 लाख युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए काम शुरू कर दिया है। हरियाणा 2047 विजन डॉक्यूमेंट में शिक्षा सुधार, खेती-किसानी, तेज आर्थिक विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित कई प्रमुख बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए राज्य के विकास का रोडमैप तैयार किया गया है।

    हरियाणा को भविष्य सक्षम बनाने के लिए ''डिपार्टमेंट आफ फ्यूचर'' विभाग बनाया गया है। यह विभाग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग और रोबोटिक्स जैसी नवीनतम तकनीकों द्वारा विकास की संभावनाओं की तलाश करेगा।

    यह विभाग एक ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था और समावेशी विकास प्राप्त करने के लिए दीर्घकालिक रणनीतिक पहल, तकनीकी दूरदर्शिता और एकीकृत नीति बनाने के लिए नोडल एजेंसी के रूप में काम करेगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए विश्व बैंक की सहायता से हरियाणा एआई मिशन तैयार किया जा रहा है।

    विजन डॉक्यूमेंट में बताया गया है कि युवाओं को स्टार्टअप्स के लिए प्रोत्साहित करने हेतु इंटर्नशिप, मेंटरशिप और सस्ता इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के लिए ''हरियाणा वेंचर कैपिटल फंड'' कारगर होगा। निजी निवेशकों को भी दो हजार करोड़ रुपये का एक ''फंड आफ फंड्स'' बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। यह स्टार्टअप्स में निवेश करके हरियाणा को नवाचार व उद्यमिता के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।

    औद्योगिक-अनुकूल राज्य बनने की अपार संभावनाए

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कहते हैं कि हरियाणा में औद्योगिक-अनुकूल राज्य बनने की अपार संभावनाएं हैं। हरियाणा ने हाल के वर्षों में विभिन्न सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) पर महत्वपूर्ण प्रगति की है। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2047 के लिए एक परिवर्तनकारी विजन की कल्पना की है, जिसमें महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।

    इस दृष्टिकोण की कुछ प्रमुख विशेषताओं में शिशु मृत्यु दर को कम करना शामिल है, जो एसडीजी 3 (बेहतर स्वास्थ्य और कल्याण) की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति को दर्शाता है। राज्य सरकार का लक्ष्य सभी परिवारों को पाइप से पानी उपलब्ध कराना और शत-प्रतिशत अपशिष्ट को रिसाइकल करके वायु प्रदूषण को कम कर प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाना है।