NEET-UG 2026 का परिणाम घोषित, हरियाणा के पांशुल बंसल और पंजाब के आर्यन गुप्ता बने टॉपर
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी का परिणाम घोषित कर दिया, जिसमें 11.21 लाख परीक्षार्थी क्वालिफाई हुए और 58 प्रतिशत छात्राएं सफल रहीं। ...और पढ़ें

हरियाणा के पांशुल बंसल टॉपर बने। फाइल फोटो
HighLights
NTA ने नीट यूजी का परिणाम गुरुवार देर रात घोषित किया
11.21 लाख परीक्षार्थी क्वालिफाई हुए, 58% छात्राएं सफल रहीं
पांशुल बंसल और आर्यन गुप्ता 715 अंक के साथ संयुक्त टॉपर
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी (NEET UG) का परिणाम गुरुवार देर रात घोषित कर दिया। 11.21 लाख परीक्षार्थी क्वालिफाई हुए, जिसमें 58 प्रतिशत छात्राओं ने बाजी मारी है।
हरियाणा के पांशुल बंसल और पंजाब के आर्यन गुप्ता टॉपर बने। दोनों टॉपरों को सबसे अधिक 715 अंक मिले। दोनों परीक्षार्थी संयुक्त रूप से टॉपर घोषित हुए।
वहीं, पंचकूला के सेक्टर-12 निवासी हर्षुल गर्ग ने नीट-यूजी परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 50 हासिल की है। हर्षुल की इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
हर्षुल के पिता सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल, पंचकूला में आयुष्मान भारत परियोजना के तहत चिकित्सक के रूप में कार्यरत हैं। हर्षुल ने अपनी स्कूली शिक्षा पटेल पब्लिक स्कूल, राजपुरा (पटियाला) से पूरी की। हर्षुल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित मेहनत को दिया।
कैसे चेक करें स्कोरकार्ड
21 जून की री-नीट यूजी 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड चेक कर सकते हैं। परिणाम देखने के लिए उम्मीदवारों को अपने एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड का उपयोग करके पोर्टल पर लॉग इन करना होगा।
20 लाख उम्मीदवार हुए थे शामिल
नीट (यूजी) 2026 की परीक्षा में लगभग 20 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। यह परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में बनाए गए कुल 5,440 केंद्रों पर आयोजित की गई थी।
अंडरग्रेजुएट मेडिकल, डेंटल, आयुष (AYUSH) और अन्य संबद्ध कोर्सेज में एडमिशन के लिए 11.21 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है।