पंचकूला निगम चुनाव से पहले वोटर लिस्ट पर विवाद; कांग्रेस का बड़ा आरोप, राव व सुरजेवाला बोले-8 हजार वोटर के दो बार नाम दर्ज
पंचकूला नगर निगम चुनाव से पहले वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का विवाद सामने आया है। कांग्रेस ने 8,000 मतदाताओं के नाम दो बार दर्ज होने का आरोप लगाते हुए उच्च ...और पढ़ें

राव नरेंद्र सिंह और रणदीप सुरेजवाला ने लगाए मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। पंचकूला नगर निगम चुनाव से ठीक पहले वोटर लिस्ट को लेकर विवाद सामने आया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और महासचिव रणदीप सुरेजवाला ने मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि 8 हजार वोटर के दो बार नाम दर्ज हैं। दोनों नेताओं ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
इसे लेकर राज्य चुनाव आयोग और रिटर्निंग ऑफिसर को शिकायत भी भेजी है। उन्होंने कहा कि वार्ड-वार वोटर सूची की क्रॉस वेरिफिकेशन के दौरान 8,543 मतदाताओं के नाम दो-दो बार दर्ज मिले, जिससे कुल डुप्लीकेट एंट्री 17,086 बनती है।
कुल वोटरों की संख्या करीब 2.8 लाख बताई गई है। ऐसे में वास्तविक गड़बड़ी इससे भी ज्यादा हो सकती है। कांग्रेस नेताओं ने इसे वोट चोरी करार देते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर केस दर्ज करने की मांग की है।
सिर्फ गलती नहीं, सुनियोजित साजिश
शिकायत में कहा कि यह डुप्लीकेशन तकनीकी या क्लेरिकल गलती नहीं, बल्कि यह सुनियोजित तरीके से की गई हेराफेरी है। इसमें अधिकारियों और भाजपा की मिलीभगत है।
पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल, भाजपा के मेयर पद प्रत्याशी श्याम लाल बंसल और सभी भाजपा पार्षद उम्मीदवारों को इसका सीधा लाभार्थी बताया गया है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चुनाव आयोग और प्रशासन इस पर कार्रवाई नहीं करते हैं तो उन्हें भी जिम्मेदार माना जाएगा।
10 मई के मतदान पर पर उठे सवाल
निगम चुनाव के लिए मतदान 10 मई 2026 को प्रस्तावित है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अगर मतदाता सूची में इतनी बड़ी गड़बड़ी है तो मौजूदा स्थिति में चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित होगी। ऐसे में मतदान प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं।
खबरें और भी
कांग्रेस नेताओं की प्रमुख मांगें
- पूरी वोटर लिस्ट को दोबारा जांचकर डुप्लीकेट नाम हटाए जाएं।
- संशोधित और शुद्ध मतदाता सूची सार्वजनिक की जाए।
- पूरे मामले की समयबद्ध जांच हो।
- दोषियों के खिलाफ केस दर्ज किया जाए।
- जांच पूरी होने तक संदिग्ध 17,086 वोटरों को वोट डालने से रोका जाए।
राव बोले- सबूत के साथ शिकायत दी
राव नरेंद्र ने कहा कि दिल्ली में हमारे नेता राहुल गांधी ने इसी तरह से फर्जी वोटों की पोल खोली थी। सिर्फ पंचकूला ही नहीं, बल्कि सोनीपत और अंबाला नगर निगम में फर्जीवाड़ा संभावित है। राज्य चुनाव निर्वाचन अधिकारी को सबूत के साथ शिकायत देकर आए हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।