विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पानीपत में बनेंगे नमो भारत रैपिड रेल के तीन स्टेशन, बस स्टैंड से सीधे जुड़ेगी ट्रेन; सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू

Published: Sat, 26 Sep 2026 05:54 AM (IST)

दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत रैपिड रेल कॉरिडोर पर पानीपत जिले को समालखा, सिवाह बस स्टैंड और पानीपत शहर में तीन प्रमुख स्टेशन मिलेंगे।

पानीपत में बनेंगे नमो भारत रैपिड रेल के तीन स्टेशन। फाइल फोटो

पानीपत में बनेंगे नमो भारत रैपिड रेल के तीन स्टेशन। फाइल फोटो

HighLights

  1. पानीपत को दिल्ली-करनाल नमो भारत रैपिड रेल के तीन स्टेशन मिलेंगे।

  2. कॉरिडोर की कुल लागत 33,051 करोड़, हरियाणा का हिस्सा 7,472 करोड़ रुपये।

  3. परियोजना में सड़क चौड़ीकरण और यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य प्रगति पर।

अम्बर अग्निहोत्री, पानीपत। दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत रैपिड रेल कारिडोर में पानीपत जिले को तीन प्रमुख स्टेशन मिलेंगे। इनमें समालखा, सिवाह बस स्टैंड और पानीपत शहर शामिल हैं। इसमें शहर का एक स्टेशन भूमिगत बनेगा।

जबकि सिवाह बस स्टैंड का स्टेशन एलिवेटेड रहेगा। वहीं, सेक्टर-18 को भविष्य के स्टेशन के रूप में चिह्नित किया गया है। 136.30 किलोमीटर लंबे इस कारिडोर पर करीब 33,051 करोड़ रुपये खर्च होंगे। हरियाणा सरकार की हिस्सेदारी लगभग 7,472 करोड़ रुपये होगी।

हरियाणा सरकार ने 22 सितंबर को कारिडोर को ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) नीति के तहत शामिल किया है। इससे भविष्य में स्टेशनों के आसपास परिवहन को ध्यान में रखकर शहरी विकास की योजनाएं बनाई जा सकेंगी। कारिडोर पर अभी सभी जगह स्टेशन और वायाडक्ट का निर्माण एक साथ शुरू नहीं हुआ है।

सड़क चौड़ीकरण और रेस्टोरेशन का काम शुरू

फिलहाल सड़क चौड़ी करने, उसे दोबारा तैयार करने और यूटिलिटी हटाने जैसे शुरुआती काम आगे बढ़ रहे हैं। एचएमआरटीसी (हरियाणा व्यापक द्रुतगामी परिवहन निगम) के दस्तावेजों के अनुसार दिल्ली-पानीपत-करनाल रोड के 29.95 से 75.55 किलोमीटर और 75.55 से 136.30 किलोमीटर हिस्से में सड़क चौड़ीकरण और रेस्टोरेशन का काम अवार्ड हो चुका है। दोनों कार्यों के कार्यादेश जनवरी 2026 में जारी हुए थे।

यूटिलिटी शिफ्टिंग के तहत भी काम दिए गए हैं। एचएमआरटीसी के रिकार्ड में स्टेशन और वायाडक्ट के रास्ते में आने वाली सीवर लाइन, पानी की पाइपलाइन और बरसाती पानी की निकासी जैसी सिविल यूटिलिटी को स्थानांतरित करने का कार्य 28 जनवरी 2026 को बताया है, इससे पहले सड़क और अन्य जरूरी सुविधाओं को परियोजना के रास्ते से हटाने की तैयारी शुरू हो चुकी है।

बस स्टैंड से जुड़ेगा नमो भारत

सिवाह बस स्टैंड -सिवाह स्टेशन को बस परिवहन से जोड़ने की योजना है। इससे बस से आने वाले यात्रियों को नमो भारत के जरिये दिल्ली और करनाल की ओर जाने की सुविधा मिलेगी। परियोजना में अलग-अलग परिवहन साधनों को जोड़ने पर जोर है।

स्टेशन पर कार व दोपहिया पार्किंग, पिकअप-ड्राप लेन, आटो-टैक्सी के लिए जगह और पैदल यात्रियों के लिए सुविधाएं प्रस्तावित हैं। ट्रेनों में दो गुणा दो सीटिंग, सामान रखने की जगह, महिलाओं के लिए आरक्षित कोच और दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाएं होंगी।