Haryana Election: 'बाजरे की कटाई के कारण...', मतदान की धीमी रफ्तार पर केंद्रीय मंत्री इंद्रजीत सिंह का तर्क
हरियाणा विधानसभा चुनाव में मतदान की रफ्तार धीमी है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने इसकी वजह बताई है। उन्होंने कहा कि बाजरे की कटाई के कारण लोग खेतों में काम कर रहे हैं। कांग्रेस के मुख्यमंत्री उम्मीदवार के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है। अशोक तंवर के कांग्रेस में जाने पर उन्होंने उन्हें दल बदलू करार दिया।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। वहीं दोपहर एक बजे तक इसकी रफ्तार धीमी है। वहीं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने मतदान की धीमी रफ्तार की वजह बताई है। उन्होंने कहा कि बाजरे की कटाई के कारण लोग खेतों में काम कर रहे हैं। जब वे खाना खाने आएंगे तो मतदान करेंगे। इसके बाद मतदान प्रतिशत बढ़ेगा।
कांग्रेस के मुख्यमंत्री उम्मीदवार के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है। कांग्रेस में कई दावेदार हैं। अब कौन बनेगा यह कांग्रेस तय करेगी। वैसे कांग्रेस को बहुमत नहीं मिल रहा है। वहीं, अशोक तंवर के कांग्रेस में जाने पर इंद्रजीत सिंह ने उन्हें दल बदलू करार दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अशोक तंवर बीते पांच वर्षों में चाल दल बदल चुके हैं। अशोक तंवर के कांग्रेस में जाने से दलित वोटो पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। वह हर साल ही पार्टी बदलते हैं।
आरती की जीत पर जताया भरोसा
अटेली विधानसभा सीट पर आरती की जीत की संभावना पर उन्होंने कहा कि मैं पूरे आत्मविश्वास के साथ कह सकता हूं कि आरती की ही जीत होगी। जेजेपी द्वारा बीजेपी के चुनाव के बाद डूबने के बयान पर कहा कि मतगणना के बाद पता चल जाएगा कि कौन डूब रहा है। जेजेपी ने 5 वर्ष सत्ता सुख भोगा है। तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।