हिमाचल CM सुक्खू ने भटियात को दी 419 करोड़ रुपये की सौगात, चुवाड़ी में खुलेगा सिविल कोर्ट और CBSE स्कूल
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चंबा के भटियात उपमंडल को 419.90 करोड़ रुपये की 36 विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
-1793767258683_m.webp)
हिमाचल CM सुक्खू ने भटियात को दी 419 करोड़ रुपये की सौगात (फाइल फोटो)
HighLights
भटियात को 419.90 करोड़ की 36 विकास परियोजनाओं की सौगात।
चुवाड़ी में सिविल कोर्ट और सीबीएसई संबद्ध स्कूल खोलने की घोषणा।
चंबा मेडिकल कॉलेज के लिए 190 करोड़ और 32 पीजी सीटें।
संवाद सहयोगी, चंबा। जिला चंबा के उपमंडल भटियात सहित जिला में करोड़ों रुपये के कार्य होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को चुवाड़ी चौगान में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान भटियात विधानसभा क्षेत्र को 419.90 करोड़ की 36 विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने चुवाड़ी में सिविल कोर्ट खोलने, स्थानीय मांग पर सीबीएसई संबद्ध स्कूल स्थापित करने तथा क्षेत्र की विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिए 10 करोड़ की अतिरिक्त वित्तीय सहायता देने की बड़ी घोषणाएं कीं।
इसके अलावा उन्होंने चंबा मेडिकल कॉलेज के सुचारू संचालन के लिए 190 करोड़ रुपये आवंटित करने और 32 पीजी सीटें उपलब्ध करवाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने 13 पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि 23 नई परियोजनाओं के शिलान्यास रखे।
जल शक्ति विभाग की योजनाओं के लिए 60.78 करोड़
जल शक्ति विभाग की योजनाओं के तहत 60.78 करोड़ की उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण किया गया, जिससे बगढार, नगाली, डलोग, मोरनू, सुदली, चुहन, नैनीखड्ड, बैली, बलेरा, जिऊंता, तुन्नुहट्टी, मेल, समलेऊ, टप्पर, पढ़ोरतु, मनोला, रुलियाणी, ओसल, बाथरी और शेरपुर सहित दर्जनों गांवों को भरपूर पानी मिलेगा।
साथ ही चुवाड़ी कस्बे के लिए 19.19 करोड़ रुपये की सीवरेज योजना, समोट ग्रेविटी पेयजल योजना 11.61 करोड़ रुपये, ककीरा-परछोड़ योजना 37.52 करोड़ रुपये, डंगोरी पेयजल संवर्धन 8.81 करोड़ रुपये तथा जतरून व मोतला में बाढ़ सुरक्षा कार्यों का लोकार्पण हुआ।
सिहुंता सीवरेज प्रणाली 31.46 करोड़ रुपये, चुवाड़ी डायवर्जन कार्य 3 करोड़ रुपये तथा ककीरा, चुवाड़ी, सिहुंता व समोट में अग्निशमन प्रणाली के शिलान्यास किए गए।
इस विशाल जनसभा व समारोह में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, चंबा सदर के विधायक नीरज नैय्यर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, पूर्व विधायक अजय महाजन तथा जिला परिषद अध्यक्ष रेखा ठाकुर विशेष रूप से मंच पर मौजूद रहे।
इसके अलावा पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं रामपुर के विधायक नंद लाल तथा युवा कांग्रेस नेता चंद्रमणि कुलेठी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
सड़कों का जाल, सिहुंता में संयुक्त कार्यालय भवन
सड़क संपर्क को सुदृढ़ करते हुए मुख्यमंत्री ने 20.34 करोड़ रुपये से अपग्रेड चुवाड़ी-जोत सड़क, समोट-मन्हुता 4.25 करोड़ रुपये, टुंडी-धरून 6.18 करोड़ रुपये, बलाणा-गोला मार्ग और नरेलू नाला पुल का लोकार्पण किया।
इसके अलावा पातका-छतरेल 21.15 करोड़ रुपये, काहरी-राखेड़ 20.48 करोड़ रुपये, घटासनी-भलोग, मोटला-सुखियार, मोरनू-जोलना सहित 14 संपर्क सड़कों की आधारशिला रखी।
प्रशासनिक ढांचे के तहत सिहुंता में 21.99 करोड़ का संयुक्त कार्यालय भवन (मिनी सचिवालय) तथा चुवाड़ी में 9.68 करोड़ रुपये के लोक निर्माण विभाग परिधि गृह का शिलान्यास हुआ।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।