हिमाचल और पंजाब के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करेगा 840 मीटर लंबा पुल, 18 महीने में होगा तैयार; बेहद खास होगी संरचना
हिमाचल प्रदेश के फतेहपुर में पौंग बांध के पास 840 मीटर लंबा पुल बन रहा है, जिससे हिमाचल और पंजाब के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। यह पुल 18 महीने में तै ...और पढ़ें
आरके मैहरा, फतेहपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश और पंजाब के बीच कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी। पुल के निर्माण से हिमाचल प्रदेश और पंजाब के बीच दूरी कम होगी और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। जिला कांगड़ा के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में पौंग बांध के पास एक महत्वपूर्ण पुल बनने जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमि पूजन हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने किया।
यह पुल पौंग बांध के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में स्थाना गांव श्रांई के पास बनाया जा रहा है। पुल की लंबाई लगभग 840 मीटर होगी और इसके निर्माण पर करीब 103.65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह परियोजना केंद्र सरकार की सेतु बंधन योजना के तहत बनाई जा रही है।
18 महीने में तैयार होगा पुल
लोक निर्माण विभाग द्वारा डीपीआर और बजट को मंजूरी मिलने के बाद अब पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। यह पुल करीब 18 महीनों में बनकर तैयार होगा और इसके बनने से फतेहपुर, जवाली, इंदौरा और जसवां-परागपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। लंबे समय से इस पुल का इंतजार कर रहे लोगों को अब बड़ी राहत मिलने वाली है।
300 मीटर दूरी पर है पंजाब का तलवाड़ा बाजार
पंजाब का तलवाड़ा बाजार संसारपुर टैरेस से महज 300 मीटर की दूरी पर है, लेकिन पौंग बांध पर सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। रात के समय वाहनों की आवाजाही पर रोक और पैदल आवागमन की मनाही के चलते लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे
नए पुल के बन जाने से ये सभी प्रतिबंध खत्म हो जाएंगे और हिमाचल से पंजाब के बीच आवाजाही आसान हो जाएगी। इससे न केवल आम लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि व्यापार, परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। जखबड़ में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
200 मीटर हिस्सा स्टील संरचना का
तकनीकी दृष्टि से यह पुल आधुनिक इंजीनियरिंग का एक अहम उदाहरण होगा। यह 17 मजबूत पिलरों और दो एबटमेंट पर आधारित होगा। पुल का लगभग 200 मीटर हिस्सा स्टील संरचना का होगा, जबकि 640 मीटर भाग आरसीसी से निर्मित किया जाएगा। इसमें 120 मीटर और 80 मीटर के दो प्रमुख स्टील स्पैन शामिल होंगे, जो इसे और अधिक मजबूत व टिकाऊ बनाएंगे।
यह पुल केंद्र सरकार की सेतु बंधन योजना के तहत तैयार किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर को नई मजबूती मिलेगी और भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इसे विकसित किया जा रहा है।
कुल मिलाकर पौंग बांध पर बनने वाला यह पुल फतेहपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए विकास, रोजगार और बेहतर कनेक्टिविटी का मजबूत आधार साबित होगा और लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।