हिमाचल बिजली बोर्ड में अनुबंध कर्मचारियों की वरिष्ठता और पदोन्नति का रास्ता साफ, समीक्षा डीपीसी करवाने का निर्देश
हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड में अनुबंध आधार पर नियुक्त कर्मचारियों को वरिष्ठता और पदोन्नति का लाभ देने की प्रक्रिया तेज होगी।

हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड कर्मचारियों की डीपीसी होगी। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
अनुबंध कर्मचारियों की वरिष्ठता और पदोन्नति प्रक्रिया तेज होगी।
हाईकोर्ट के फैसले के बाद बोर्ड ने निर्देश जारी किए।
पांच चरणों में पूरी होगी पदोन्नति की यह प्रक्रिया।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड में अनुबंध आधार पर नियुक्त कर्मचारियों को वरिष्ठता और पदोन्नति का लाभ देने की प्रक्रिया तेज होगी। बोर्ड प्रबंधन ने प्रदेश हाई कोर्ट के फैसले और राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कैडर नियंत्रक और नियुक्ति प्राधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश जारी किए हैं।
समीक्षा डीपीसी या नई डीपीसी
इसके तहत अनुबंध सेवाकाल को ध्यान में रखते हुए अस्थायी वरिष्ठता सूचियां तैयार कर कर्मचारियों से आपत्तियां मांगी जाएंगी। इसके बाद वरिष्ठता सूचियों को अंतिम रूप देकर समीक्षा डीपीसी या नई डीपीसी होगी।
बीओडी के आदेश
बिजली बोर्ड के निदेशक (कार्मिक) की ओर से जारी आदेश के मुताबिक प्रदेश भर्ती एवं सरकारी कर्मचारियों की सेवा शर्तें अधिनियम, 2024 को हाई कोर्ट ने 25 अप्रैल 2026 को देवेंद्र कुमार एवं अन्य बनाम हिमाचल प्रदेश सरकार मामले में रद कर दिया था। इस फैसले के खिलाफ प्रदेश सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दायर विशेष अनुमति याचिका भी 29 जुलाई 2026 को खारिज हो गई थी।
ऐसे में हाई कोर्ट का फैसला प्रभावी बना हुआ है। हाई कोर्ट ने अपने फैसले में कहा था कि रद किए गए अधिनियम के आधार पर कर्मचारियों को दिए गए लाभ वापस लेने, लाभों से वंचित करने या रिकवरी प्रस्तावित करने से संबंधित आदेश भी निरस्त होंगे।
सक्षम अधिकारियों को संबंधित न्यायिक फैसलों के अनुसार कर्मचारियों को पात्र लाभ देने के लिए तीन महीने के भीतर आवश्यक आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए थे।
पांच चरण में पूरी होगी प्रक्रिया
बोर्ड ने सभी संबंधित अधिकारियों को पांच चरणों में कार्रवाई पूरी करने को कहा है। सबसे पहले अनुबंध सेवाकाल की गणना के आधार पर अस्थायी वरिष्ठता सूची जारी कर आपत्तियां मांगी जाएंगी। इसके बाद आपत्तियों का निपटारा कर अंतिम वरिष्ठता सूची तैयार होगी। तीसरे चरण में पात्रता के अनुसार समीक्षा डीपीसी या नई डीपीसी आयोजित की जाएगी।
इसके बाद डीपीसी की कार्यवाही सक्षम प्राधिकारी से स्वीकृत करवाकर कर्मचारियों को मिलने वाले वित्तीय लाभों का आकलन किया जाएगा। अंत में पूरा मामला स्वीकृति के लिए बोर्ड सचिवालय के माध्यम से प्रदेश सरकार को भेजा जाएगा।
यदि संशोधित वरिष्ठता के कारण किसी कर्मचारी की पदोन्नति की पात्रता पहले की तारीख से बनती है तो उसके मामले की समीक्षा की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।