Trending

    Himachal Pradesh Weather: हिमाचल में गर्मी का कहर, बढ़ा दिन और रात का पारा; कैसा रहेगा आज का मौसम?

    Updated: Wed, 04 Mar 2026 07:00 AM (IST)

    हिमाचल प्रदेश में मार्च की शुरुआत में ही गर्मी ने तेवर दिखाए हैं। लगातार धूप से दिन और रात के तापमान में वृद्धि हुई है, कई जिलों में दिन का तापमान 4 ड ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    मार्च में ही हिमाचल में बढ़ी दिन-रात की गर्मी (फाइल फोटो)

    राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश के अधिकांश जिलों में मार्च के शुरुआत में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश में लगातार धूप खिलने से मैदानों के साथ पहाड़ तपने लगे हैं। दिन के तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई है। दिन के तापमान के साथ सुबह और रात के तापमान में वृद्धि हो रही है।

    शिमला व धर्मशाला सहित 12 प्रमुख स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है।
    मंगलवार को कल्पा में दिन के तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ तापमान 20.5 डिग्री पहुंच गया, जो 2023 के बाद मार्च में सबसे अधिक है। कल्पा का अधिकतम तापमान सामान्य से सबसे अधिक 11.3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। कल्पा में मार्च में अधिकतम तापमान 2025 में 20.2, 2024 में 19.5, 2023 में 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

    मौसम विभाग ने सात मार्च को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई है। तब तक मौसम साफ रहेगा। सात से 10 मार्च तक प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात जबकि निचले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर नौ और 10 मार्च को वर्षा की संभावना जताई गई है। ऐसे में तापमान में गिरावट आने का अनुमान है।

    प्रदेश में अधिकतम तापमान में सबसे अधिक वृद्धि सोलन में 4.2, शिमला में 3.4 डिग्री सेल्सियस की दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से सात से आठ डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। दो दिन में पारा और चढ़ेगा तथा तापमान में वृद्धि की संभावना जताई गई है। प्रदेश में सबसे कम तापमान लाहौल स्पीति के केलंग में माइनस 4.1 और ऊना में सबसे अधिक 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    प्रमुख स्थानों का तापमान

    स्थान न्यूनतम (°C) अधिकतम (°C)
    शिमला 10.0 22.4
    सुंदरनगर 7.7 30.6
    भुंतर 6.9 28.3
    कल्पा 3.6 20.5
    धर्मशाला 10.3 25.0
    ऊना 10.2 30.7
    नाहन 13.0 28.3
    केलंग -4.1 10.5
    सोलन 9.0 29.0