रामपुर में फिर से शुरू होगी शिमला-शिंगला के बीच हेलीकॉप्टर सेवा, हफ्ते में तीन दिन होगा संचालन; चेक करें टाइमिंग
रामपुर उपमंडल के शिंगला हेलीपोर्ट से शिमला के लिए हेलीकॉप्टर सेवा जल्द फिर से शुरू होगी, जो सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी।

फिर से शुरू होगी शिमला-शिंगला के बीच हेलीकॉप्टर सेवा (जागरण फोटो)
HighLights
शिंगला हेलीपोर्ट से शिमला के लिए हेलीकॉप्टर सेवा फिर शुरू।
सेवा सप्ताह में तीन दिन सोमवार, शुक्रवार, शनिवार को चलेगी।
हेलीपोर्ट पर एंबुलेंस और चिकित्सा स्टाफ की तैनाती होगी।
जागरण संवाददाता, रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के शिंगला हेलीपोर्ट से शिमला से शिंगला के बीच हेलीकॉप्टर सेवा जल्द दोबारा शुरू होने जा रही है। यह सेवा सप्ताह में तीन दिन सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को संचालित होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हेलीकॉप्टर सुबह 10:30 बजे शिंगला हेलीपोर्ट पर लैंड करेगा और 10:50 बजे वापस रवाना होगा।
हेलीकॉप्टर सेवा के नियमित संचालन को देखते हुए शिंगला हेलीपोर्ट पर चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। उपमंडलाधिकारी रामपुर की ओर से संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक निर्धारित उड़ान के दिन लैंडिंग समय से 30 मिनट पहले स्टैंडबाय एंबुलेंस के साथ डॉक्टर अथवा नर्सिंग स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
हेलीपोर्ट पर तैनात एंबुलेंस में आवश्यक आपातकालीन चिकित्सा उपकरण, ऑक्सीजन सिलेंडर और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसका उद्देश्य हेलीकॉप्टर की लैंडिंग या टेकऑफ के दौरान किसी भी आकस्मिक चिकित्सा स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध करवाना है। प्रशासन के अनुसार हेलीपोर्ट पर चिकित्सा व्यवस्था हेलीकॉप्टर संचालन के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के तहत आवश्यक है।
यह एसओपी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय तथा हिमाचल प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा अनुमोदित है। प्रशासन ने संबंधित विभागों को प्रत्येक उड़ान दिवस पर निर्धारित समय के अनुसार एंबुलेंस और चिकित्सा स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इससे हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन सुरक्षित और सुचारू तरीके से किया जा सकेगा। कर्नल रवि कांत गुप्ता ने बताया कि हेली टैक्सी सेवा शुरू करने से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
