हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज, ऊंची चोटियों पर बर्फबारी; आज 5 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
हिमाचल में मौसम ने करवट ली है, जिससे लंबे समय से चली आ रही शुष्क ठंड और सूखे जैसी स्थिति से लोगों, किसानों और बागबानों को राहत मिली है।
-1794498788258_m.webp)
हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज। फाइल फोटो
HighLights
ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हल्का हिमपात दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ से वर्षा और हिमपात की संभावना।
किसानों, बागबानों और मौसमी बीमारियों से राहत।
राज्य ब्यूरो, शिमला। प्रदेश में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है, जिससे लंबे समय से चल रहे शुष्क मौसम और कड़ाके की सूखी ठंड से परेशान लोगों, किसानों-बागबानों को राहत की उम्मीद है। राज्य के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों बारालाचा, कुंजुम, रोहतांग और शिंकुला की चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है।
जबकि मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के पांच जिलों चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला में कुछ एक स्थानों पर आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है। ऊंचे क्षेत्रों में कुछ एक स्थानों पर हिमपात जबकि निचले क्षेत्रों में कुछ एक स्थानों पर वर्षा का अनुमान है।
आगामी 15 नवंबर तक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का अनुमान है। अधिकतम तापमान में 6 डिग्री तक की गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट बिलासपुर में 6 डिग्री, धर्मशाला में 4, सुंदरनगर में 3.8, भुंतर और केलंग में 3 डिग्री की गिरावट आई है।
मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला के अनुसार, कश्मीर और उसके आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव आया है। अगले कुछ दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा और ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात की प्रबल संभावना जताई गई है लंबे समय से वर्षा न होने के कारण प्रदेश में सूखा जैसी स्थिति बन रही थी, जिससे सेब के बागीचों और रबी की फसलों (विशेषकर गेहूं और अन्य मौसमी फसलों) की बुआई पर संकट के बादल मंडरा रहे थे।
कृषि और बागबानी विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी दिनों में होने वाली यह वर्षा और हिमपात इन फसलों के लिए किसी संजीवनी से कम साबित नहीं होगी। इससे जमीन की नमी सुधरेगी और पौधों को नई ऊर्जा मिलेगी।सूखी ठंड के कारण इन दिनों प्रदेशभर के अस्पतालों में जुकाम, वायरल बुखार, गले की खराश और खांसी के मरीजों की संख्या में अचानक भारी उछाल आया था।
चिकित्सकों का मानना है कि मौसम के बदलने वर्षा और हिमपात होने से हवा में मौजूद शुष्कता कम होगी, जिससे मौसमी बीमारियों के मामलों में उल्लेखनीय कमी आने की पूरी उम्मीद है। प्रदेश में बीते चौबीस घंटों के दौरान राज्य के तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है।
मैदानी इलाकों में जहां ऊना में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं जनजातीय क्षेत्रों में ठंड अपने चरम पर है। लाहुल स्पीति के कुकुमसेरी न्यूनतम तापमान -2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कहां कितना तापमान
स्थान न्यूनतम अधिकतम
शिमला 10.5 18.4
सुन्दरनगर 8.6 24.0
भुंतर 8.0 23.0
कल्पा 3.2 16.0
धर्मशाला 11.4 22.0
कांगड़ा 11.6 25.1
ऊना 11.5 31.4
नाहन 11.8 24.3
केलंग 0.6 10.4
सोलन 7.2 24.8
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।