'बुरहान वानी को बलिदानी कहना मेरी आजादी', आतंकी की पैरवी करने वाले PDP नेता ने दी सफाई; पुलिस ने हिरासत में लिया
पीडीपी नेता अब्दुल कबीर खान ने आतंकी बुरहान वानी को 'बलिदानी' बताया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए ...और पढ़ें

पीडीपी नेता अब्दुल कबीर। फाइल फोटो
HighLights
पीडीपी नेता ने आतंकी बुरहान वानी को 'बलिदानी' बताया।
पुलिस ने अब्दुल कबीर खान को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
बयान पर भाजपा समेत अन्य दलों ने कड़ी आपत्ति जताई।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। आतंकी बुरहान वानी को बलिदानी बताने वाले पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता अब्दुल कबीर खान के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर कर उन्हें पूछताछ के लिए थाने में तलब किया। बता दें कि कबीर खान जोकि जिला किश्तवाड़ से संबधित हैं, ने गत गुरुवार को पार्टी के एक कार्यक्रम में उन्होंने हिजब आतंकी बुरहान को बलिदानी बताया और कथित तौर पर दावा किया था कि भाजपा नेताओं ने उसके घर गए थे।
अब्दुल कबीर के इस बयान पर भाजपा नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई और उस पर आतंकियों का महिमामंडन करने, लाेगों केा भड़काने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह भाजपा को बदनाम करने के लिए झूठे आरोप लगा रहा है।
भाजपा नेता युद्धवीर सेठी ने पीडीपी नेताओं से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में जान गंवाने वाले सैनिकों के परिवारों से माफी मांगने की बात कही। प्रदेश भाजपा प्रमुख सत शर्मा ने भी पीडीपी नेता के बयान को भड़काउ बताते हुए उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
बलिदानी कहना या न कहना उनकी निजी राय
मामले को तूल पकड़ते देख अब्दुल कबीर ने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक देश में किसी व्यक्ति को बलिदानी कहना या न कहना उनकी निजी राय और स्वतंत्रता का विषय है।
नेशनल कान्फ्रेंस के नेता बशीर अहमद ने भी अब्दुल कबीर के बयान पर कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि यह पीडीपी का दोहरा चरित्र है। उन्होंने कहा कि पीडीपी नेता को पता होना चाहिए कि शहीद, बलिदानी कौन होता है, उसकी परिभाषा क्या है? यह सिर्फ अपनी सियासत के लिए कोई भी बयान दे सकते हैं।
कांग्रेस उसका समर्थन नहीं करता
कांग्रेस प्रवक्ता और पूर्व एमएलसी रविंद्र शर्मा ने कहा कि कौन अब्दुल कबीर, हम ऐसे किसी नेता को नहीं जाते, लेकिन जिसने भी बुरहान वानी को शहीद कहा है, वह मूर्ख है। आतंकी तो आतंकी है, कांग्रेस उसका समर्थन नहीं करते।
हम ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं करते ओर न आतंकियों-आतंकवाद का कांग्रेस समर्थन करती है। जिस समय बुरहान मारा गया था तो तत्कालीन भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री ने कहा था कि हमें पता होता तो यह हादसा नहीं होते।
कुछ लोग राजनीति में बने रहने के लिए इस तरह की बयानबाजी करते हैं लेकिन हमारा स्टैंड स्पष्ट है, आतंकवाद और आतंकियों का कोई समर्थन नहीं। आतंकियों से सख्ती से निपटना चाहिए। इस बीच, संबधित सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने पीडीपी नेता को पूछताछ के बाद रिहा कर दिया है।
