वैष्णो देवी जाने वालों के लिए खुशखबरी, दिल्ली-कटड़ा के बीच दो और फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलेंगी; देखें पूरा शेड्यूल
New Delhi-Katra Special Train: रेलवे ने नवरात्र और त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नई दिल्ली ...और पढ़ें

दिल्ली-कटड़ा के बीच 2 और स्पेशल ट्रेन। (फाइल फोटो)
HighLights
नई दिल्ली-कटड़ा के बीच दो नई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें शुरू।
त्योहारी सीजन और नवरात्र में यात्रियों की भीड़ को मिलेगी राहत।
इन ट्रेनों से माता वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं को भी सुविधा।
जागरण संवाददाता, जम्मू। नवरात्र और त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच दो और आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का फैसला लिया गया है। ट्रेन संख्या 04085/04086 और 04485/04486 के चलने से दिल्ली, जम्मू और कटड़ा के बीच यात्रियों को अतिरिक्त सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
रेलवे के इस फैसले से त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटड़ा आने वाले श्रद्धालुओं को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
अतिरिक्त ट्रेनों से नियमित ट्रेनों में यात्रियों का दबाव कम होगा और कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी। ट्रेन संख्या 04085 इस शनिवार 10 अक्तूबर को नई दिल्ली से दोपहर 2 बजे रवाना होगी।
ट्रेन अगले दिन सुबह 3 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04086 रविवार को 11 अक्टूबर को कटड़ा से सुबह 10 बजे रवाना होकर उसी रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
सोनीपत से उधमपुर तक कई स्टेशनों पर ठहराव
इसी तरह दूसरी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन संख्या 04485 रविवार को 11 अक्टूबर को नई दिल्ली से दोपहर 2 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 3 बजे कटड़ा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04486 सोमवार को 12 अक्टूबर को कटड़ा से सुबह 10 बजे चलेगी और रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
दोनों फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन निर्धारित मार्ग से होगा। रास्ते में सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, कठुआ, जम्मू तवी और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।
पहले से चल रही हैं दो फेस्टिवल स्पेशल
त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जम्मू मंडल की ओर से पहले ही 04081/04082 और 04083/04084 नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-नई दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की जा चुकी है। अब दो और जोड़ी ट्रेनों के संचालन से त्योहारी सीजन में यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू उचित सिंघल ने कहा कि यात्री सुविधा रेलवे की प्राथमिकता है। जम्मू मंडल त्योहारी सीजन के दौरान यात्री भीड़ की लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले चलाई गई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों की तरह नई ट्रेनें यात्रियों को बड़ी राहत देंगी।
