विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिव्यांग बच्चों के लिए जम्मू-कश्मीर के बारामुला में बनेगा विशेष स्कूल, सरकार ने जमीन हस्तांतरित करने को दी मंजूरी

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:40 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर सरकार ने बारामूला के वत्रगाम में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष स्कूल बनाने हेतु पांच कनाल भूमि समाज कल्याण विभाग को हस्तांतरित करने की मंजूरी दी है। यह पहल दिव्यांग बच्चों को समर्पित शैक्षणिक सुविधाएं, चिकित्सकीय सहायता और कौशल विकास के अवसर प्रदान करेगी।

दिव्यांग बच्चों के लिए बारामुला में बनेगा विशेष स्कूल। फाइल फोटो

दिव्यांग बच्चों के लिए बारामुला में बनेगा विशेष स्कूल। फाइल फोटो

HighLights

  1. बारामूला में दिव्यांग बच्चों के लिए स्कूल बनेगा।

  2. सरकार ने पांच कनाल भूमि हस्तांतरित करने को मंजूरी दी।

  3. यह स्कूल शैक्षणिक और कौशल विकास अवसर देगा।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर सरकार ने दिव्यांग बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। सरकार ने बारामूला जिले की तहसील वत्रगाम के एस्टेट हादीपोरा में पांच कनाल भूमि समाज कल्याण विभाग) को हस्तांतरित करने की मंजूरी दे दी है। इस भूमि पर दिव्यांग बच्चों के लिए एक स्कूल स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर इस फैसले की जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग वाले बच्चों को समर्पित शैक्षणिक सुविधाएं, चिकित्सकीय एवं थेरेपी संबंधी सहायता तथा कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना है।

अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तावित स्कूल में बच्चों की व्यक्तिगत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शिक्षा और विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जाएगा। इसके माध्यम से न केवल उनकी शैक्षणिक क्षमता को विकसित करने पर जोर दिया जाएगा, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास भी किए जाएंगे।

गौरतलब है कि दिव्यांग बच्चों को सामान्य शैक्षणिक व्यवस्था में कई बार बुनियादी सुविधाओं, प्रशिक्षित शिक्षकों और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता की कमी जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनके लिए विशेष शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना महत्वपूर्ण मानी जाती है।

सरकार की इस पहल से क्षेत्र के विशेष जरूरतों वाले बच्चों को शिक्षा, उपचारात्मक सहयोग और व्यावहारिक कौशल हासिल करने के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम समावेशी शिक्षा, सशक्तिकरण और सामाजिक एकीकरण को बढ़ावा देने के साथ-साथ इन बच्चों को समान अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।