जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों की आतंकवादियों से मुठभेड़, लश्कर कमांडर के फंसे होने की आशंका
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच बुधवार सुबह मुठभेड़ शुरू हुई।
मारे गए आतंकी उमर निसार डार सीआरपीएफ हमले की साजिश में शामिल था।
उमर निसार ने लश्कर कमांडर लतीफ भट के साथ रेकी की थी।
डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों की आतंकियों से मुठभेड़ शुरू हो गई है। अधिकारियों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की एक संयुक्त टीम ने इलाके में आतंकियों को घेर लिया है।
कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जानकारी दी कि कुलगाम में पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त पार्टी के साथ आतंकियों की मुठभेड़ जारी है। इस बीच, पुलिस ने मंगलवार को सोमवार को हुई एक अन्य मुठभेड़ में मारे गए आतंकी उमर निसार डार के बारे में अहम जानकारियां साझा की हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि उमर निसार डार ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर 11 नवंबर को सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले की साजिश रची थी। जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा साझा किए गए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, हमले को अंजाम देने से एक दिन पहले यानी 10 नवंबर को उमर निसार डार और लतीफ भट ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए मीर बार, अखरान, हबलिश और किलाम समेत कई इलाकों की रेकी की थी।
10 और 11 नवंबर के फुटेज में दोनों आतंकी रेकी करते हुए और फिर 11 नवंबर को अखरान स्थित सीआरपीएफ नाके पर हमला कर फरार होते हुए साफ देखे गए हैं। गौरतलब है कि 11 नवंबर को कुलगाम में बाइक सवार हमलावरों द्वारा की गई इस गोलीबारी में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे।
पुलिस के मुताबिक, उमर निसार डार के लापता होने के बाद उसके परिजनों ने कुलगाम थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान एजेंसियों को पता चला कि उमर पिछले पांच से छह महीनों से लश्कर कमांडर लतीफ भट को पनाह और मदद मुहैया करा रहा था। (सोर्स- एएनआई, एक्स)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।