जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF टीम पर आतंकी हमला, तीन जवान गंभीर रूप से घायल
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को आतंकियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) जवानों पर हमला कर दिया। गोलीबारी में ...और पढ़ें

कुलगाम में हुआ आतंकी हमला। (फाइल फोटो)
HighLights
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला हुआ
हमले में तीन सीआरपीएफ जवानों की घायल होने की सूचना
डिजिटल डेस्क, जम्मू। दक्षिण कश्मीर के आखरन-नौपुरा, कुलगाम में बुधवार को एक आतंकी हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के तीन जवान घायल हो गए। हमले के बाद भागने में कामयाब रहने आतंकियों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी करते हुए तलाशी अभियान चलाया है। हालांकि, किसी आतंकी संगठन ने तत्काल इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन माना जा रहा है कि यह हमला लश्कर-ए-तैयबा का हिट स्क्वाड कहे जाने वाले 'द रजिस्टेंस फ्रंट टीआरएफ' के आतंकी लतीफ बट के माडयूल ने किया है।
जानकारी के अनुसार, कुलगाम के आखरन नौपुरा में बुधवार की दोपहर को सीआरपीएफ के जवानाें ने एक नाका लगाया हुआ था। नाका पार्टी वहां से गुजरने वाले वाहनों व लोगों की जांच पड़ताल कर रही थी।
लगभग 2:15 बजे के करीब मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक नाके के पास पहुंचे और उन्होंने सीआरपीएफ जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोलीबारी से मौके पर मची अफरा-तफरी
इससे वहां मौजूद आम लोगों में अफरा तफरी मच गई। तीन सीआरपीएफ जवान घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। अन्य जवानों ने अन्य जवानों ने उसी समय मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायर किया, लेकिन उन्होंने वहां फैली अफरा-तफरी के बीच आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ संयम बरता, जिसका लाभ लेकर आतंकी भागने में कामयाब रहे।
हमले की सूचना मिलते ही निकटवर्ती शिविरों से सुरक्षाबलों की अतिरिक्त टुकड़ियां भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने उसी समय पूरे इलाके की घेराबंदी करते हुए घायल जवानों को उपचार के लिए GMC-अनंतनाग लाया गया।
घायल सीआरपीएफ जवानों के नाम
1. सीटी/जीडी राकेश दास, पुत्र अरुण दास, निवासी असम
2. सीटी/जीडी संतोष चंद्रू, पुत्र महावीर, निवासी बंगाल
3. एचसी/जीडी सोमवीर सिंह, पुत्र महावीर, निवासी मध्य प्रदेश
डाक्टरों के अनुसार, एक जवान की टांग में, दूसरे की बाजू में और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। जवान संतोष चंद्रू की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हमलावरों की तलाश में कई इलाकों में तलाशी अभियान
इस बीच, सुरक्षाबलों ने घटनास्थल के आस पास के सभी इलाकों में तलाशी अभियान चलाया है। घटनास्थल के आस पास उपलब्ध सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है। सीआरपीएफ, पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं।