विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कश्मीर में अनंतनाग के जंगलों में दिखी दुर्लभ मादा सांभर हिरण, लोगों ने कैमरे में कैद की वन्यजीव की झलक

Published: Mon, 09 Nov 2026 10:10 PM (IST)

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के सिन्थन टॉप के जंगलों में एक दुर्लभ मादा सांभर हिरण देखी गई है, जिसे कश्मीर घाटी में असामान्य माना जा रहा है।

जंगलों में दिखी दुर्लभ मादा सांभर हिरण। फोटो जागरण

जंगलों में दिखी दुर्लभ मादा सांभर हिरण। फोटो जागरण

HighLights

  1. सिन्थन टॉप के जंगलों में दुर्लभ मादा सांभर हिरण दिखी।

  2. कश्मीर घाटी में सांभर हिरण की मौजूदगी असामान्य मानी जा रही।

  3. यह प्रजाति IUCN की 'असुरक्षित' श्रेणी में सूचीबद्ध है।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के सिन्थन टॉप के जंगलों में एक दुर्लभ मादा सांभर हिरण देखे जाने से वन्यजीव विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित हुआ है। कश्मीर घाटी में सांभर हिरण की मौजूदगी और खासकर मादा हिरण का नजर आना काफी असामान्य माना जा रहा है। यह वन्यजीव सिन्थन टॉप के कश्मीर वाले हिस्से में डकसुम के नजदीक यात्रियों को दिखाई दिया।

वन्यजीव अधिकारियों के अनुसार, हिरण संभवत: अपने समूह से बिछड़ गया है। वन्यजीव वार्डन साउथ, बिजबेहाड़ा साजाद अहमद भट ने बताया कि सिन्थन टॉप का जंगल किश्तवाड़ के वन क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। ऐसे में संभावना है कि यह मादा हिरण किश्तवाड़ की ओर से यहां पहुंचा हो या बेहतर आवास और भोजन की तलाश में निचले इलाकों की तरफ आया हो।

जम्मू संभाग के जंगलों में पाई जाती है

उन्होंने बताया कि विभाग के कर्मचारी क्षेत्र में तैनात हैं और लगातार मिल रही सूचनाओं पर नजर रख रहे हैं। इसी इलाके में जंगली बकरियां भी देखे जाने की जानकारी मिली है। वन्यजीव विभाग के एक अन्य अधिकारी के मुताबिक, कश्मीर घाटी में मादा सांभर हिरण का दिखाई देना दुर्लभ है। इस प्रजाति की मौजूदगी घाटी में अपेक्षाकृत कम है, जबकि जम्मू संभाग के जंगलों में यह अधिक संख्या में पाई जाती है।

बता दें कि सांभर (रूसा यूनिकलर) भारतीय उपमहाद्वीप में पाए जाने वाले हिरणों की सबसे बड़ी प्रजाति है। अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ ने वर्ष 2008 से इसे अपनी रेड लिस्ट में 'असुरक्षित' श्रेणी में रखा है। शिकार और प्राकृतिक आवास के नष्ट होने के कारण इसकी आबादी में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।

जम्मू-कश्मीर की जैव विविधता में हंगुल, कश्मीरी कस्तूरी मृग, मार्कहोर और एशियाई आइबेक्स जैसी दुर्लभ प्रजातियां भी शामिल हैं। सिन्थन टॉप में सांभर की यह मौजूदगी क्षेत्र के वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।