विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रीनगर में वंदे मातरम बजाने पर विवाद जारी, वक्फ के कार्यक्रम में शामिल होने वालों को इस्लाम से बाहर करने की चेतावनी

Published: Fri, 27 Nov 2026 09:41 AM (IST)

श्रीनगर में वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में वंदे मातरम गाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कुछ मजहबी संगठनों ने इसमें शामिल लोगों को इस्लाम से बाहर करने और निकाह खारिज करने की धमकी दी है।

वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में पूरा वंदे मातरम बजने पर खड़े हुए थे लोग (सोशल मीडिया फोटो)

वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में पूरा वंदे मातरम बजने पर खड़े हुए थे लोग (सोशल मीडिया फोटो)

HighLights

  1. वक्फ कार्यक्रम में वंदे मातरम गाने पर मजहबी विवाद

  2. मौलवियों ने शामिल लोगों को इस्लाम से बाहर करने की धमकी दी

  3. कुछ इस्लामिक विद्वानों ने विरोध को अनुचित बताया

नवीन नवाज, श्रीनगर। श्रीअमरनाथ यात्रा मार्ग पर निर्माण कार्य के विरोध के बाद कश्मीर में मजहबी संगठनों ने अब कश्मीर में वक्फ के कार्यक्रम में वंदे मातरम गाने के विवाद को तूल देने का प्रयास किया है।

इतना ही नहीं, कार्यक्रम में शामिल लोगों को इस्लाम से बाहर कर उनका निकाह भी खारिज करने की चेतावनी दी गई है। वहीं मुत्तहिदा मजलिस-ए-उलेमा (एमएमयू) ने तो सरकारी कार्यक्रमों व शिक्षण संस्थानों में वंदे मातरम् बजाने का विरोध करने की घोषणा कर दी है।

हालांकि कश्मीर के इस्लामिक विद्वान इसका विरोध भी कर रहे हैं। तहरीक-ए-सौतुल-औलिया के अध्यक्ष ने कहा कि जो वंदे मातरम् बजाने के मुद्दे पर हंगामा कर रहे हैं, फतवे दे रहे हैं, वह खुद अंधेरे में हैं।

केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी में गाया गया वंदे मातरम

यहां बता दें कि सोमवार को श्रीनगर में वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू की मौजूदगी में वंदेमातरम गाया गया था। समारोह में पूरा ‘वंदे मातरम्’ बजाया गया, जिस दौरान मंच पर मौजूद मुस्लिम धर्मगुरुओं सहित सभागार में बैठे लोग खड़े हुए। इसके बाद कुछ मौलवियों और अन्य मजहबी नेताओं ने इस मुद्दे को तूल देना आरंभ कर दिया।

विवाद बढ़ने के बाद मंगलवार को कुछ मौलवियों ने नमाज पढ़कर तौबा की। विवाद उस समय बढ़ गया जब मौलाना मुफ्ती सैयद बशारत रिजवी बरकती ने कार्यक्रम में शामिल लोगों को मजहब से बाहर करने और उनका निकाह भी खारिज होने की बात कही। उन्हें दोबारा कलमा पढ़ने की सलाह दी गई।

इसके साथ उन्होंने वंदेमातरम् को सनातन धर्म के कीर्तन से जोड़ते हुए कथित तौर पर कहा कि वंदे मातरम् गाना एक कीर्तन है। सनातन धर्म सभा ने इस टिप्पणी को सामाजिक सौहार्द के लिए घातक बताया।

यह भी पढ़ें- 'अल्लाह से तौबा करते हैं...', श्रीनगर में वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में वंदे मातरम बजने पर मौलवियों ने मांगी माफी

कश्मीर क इस्लामिक धर्मगुरुओं ने जताया विरोध

  • कश्मीर के मुफ्ती नासिर-उल-इस्लाम ने कहा कि जो उलेमा वंदे मातरम में शामिल हुए हैं, उन्होंने इस्लाम के मुताबिक सही आचरण नहीं किया है।
  • इस्लामिक विद्वान मौलाना रहमतुल्ला कासमी ने कहा कि मैंने पहले भी दरख्शां अंद्राबी को समझाया था कि वह ईमान के मसले पर गंभीरता बरतें। बेहतर होता कि वहां जन गण मन गाया जाता।

हंगामा करने वालों को खुद कुछ पता नहीं

तहरीक-ए-सौतुल-औलिया के अध्यक्ष मौलाना अब्दुल रशीद दाउदी ने कहा कि जो उलेमा वंदे मातरम बजाए जाने के समय मेरे खड़ा रहने पर हंगामा कर रहे हैं, वह खुद अंधेरे में हैं। मैं उनकी बात नहीं करूंगा जो वंदे मातरम के समय खड़े हुए थे।

मैं अपनी बात करूंगा, क्योंकि मुझे निशाना बना अवाम में असमंजस पैदा किया जा रहा है। मैं वंदेमातरम् के समय प्रोटोकाल के तहत खड़ा था। अगर प्रोटोकॉल में खड़े होना, इबादत की नीयत के बिना खड़े होना कुफ्र व शिक्र है तो कोई एक फतवा लाए। जो लोग हंगामा कर रहे हैं, उन्हें खुद पता नहीं है।

मौलाना बशारत की टिप्पणियों पर जताया रोष

सनातन धर्म सभा ने वीरवार को सुरनकोट मंदिर परिसर में बैठक कर मौलाना बशारत की टिप्पणियों पर रोष जताया। सभा के सदस्यों ने कहा कि मौलाना का वंदेमातरम को कीर्तन से जोड़ना आपत्तिजनक है।

उन्होंने कहा कि हर समुदाय को अपनी धार्मिक परंपराओं के अनुसार गतिविधियां करने का अधिकार है तथा ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियों से बचना चाहिए। सभा ने प्रशासन से मौलाना की कथित टिप्पणी की खुली और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

यह भी पढ़ें- अमरनाथ मार्ग को चौड़ा करने पर मचा बवाल, आमने-सामने PDP और BJP; पढ़ें शेषनाग विवाद की पूरी कहानी

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।