सितंबर में ही कश्मीर हुआ ठंडा-ठंडा, गुरेज से जोजिला तक बर्फबारी; गुलमर्ग में 5.8 डिग्री पारा, देखें वेदर रिपोर्ट
Kashmir Weather: घाटी में उच्च पर्वतीय इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई, जबकि श्रीनगर सहित निचले इलाकों में बारिश दर्ज की ...और पढ़ें
HighLights
घाटी में मौसम ने करवट बदली, तापमान में आई गिरावट।
गुरेज सहित उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हुई ताजा बर्फबारी।
श्रीनगर और निचले इलाकों में दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। घाटी में वीरवार को मौसम ने करवट बदल ली और गुरेज समेत उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी जबकि श्रीनगर समेत घाटी के निचले इलाकों में बारिश हुई। ताजा बर्फभारी व बारिश के चलते घाटी के तापमान में गिरावट आ गई जिससे लोगों ने ठंड महसूस की।
इस बीच मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों के दौरान भी घाटी में मौसम के मिजाज तीखे बने रहने तथा इस बीच ऊपरी इलाकों में बारिश के साथ हलकी बर्फबारी जबकि निचले इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई है।
घाटी में मौसम की पहली बर्फबारी
गौरतलब है कि बीते कुछ समय से घाटी में मौसम के मिजाज शुष्क बने हुए थे और तपमान के सामान्य से ऊपर बने रहने के चलते भीषण गर्मी का प्रकोप भी जारी था। वीरवार तड़के मौसम ने करवट बदल ली और उच्च पर्वतीय इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई।
जानकारी के अनुसार गुरेज, साधना टाप, राजदान टाप, अफरवट, थाजवास, जोजिला दर्रा समेत अधिकांश उच्च पर्वतीय इलाकों में 2-4 इंच ताजा बर्फ जमा हुई जबकि उक्त इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला रुक रुक कर जारी था।
बता देते हैं कि मौजूदा मौसम में घाटी के उच्च पर्वतीय इलाकों में यह दूसरी बर्फबारी है। इसे पूर्व अगस्त महीने में घाटी के उच्च पर्वतीय इलाकों में मौजूदा मौसम की पहली बर्फबारी हुई थी।
घाटी के निचले इलाकों में रुक-रुक कर बारिश
इधर घाटी के निचले इलाकों में तड़के शुरू हुई बारिश दिनभर रुक रुक कर जारी रही। हालांकि श्रीनगर में दोपहर तक रुक रुक कर बारिश हुई। दोपहर बाद बारिश थम गई, लेकिन आसमान पर बादल छाए रहे। ताजा बर्फबारी व बारिश के चलेत घाटी के तापमान में गिरावट आ गई और यह सामान्य से नीचे चला गया जिसके चलते लोगों ने ठंड महसूस की।
कश्मीर में कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार श्रीनगर में आज न्यूनतम 13.4, काजीगुंड में न्यूनतम 12.4, पहलगाम में न्यूनतम 9.4, कुपवाड़ा में न्यूनतम 13.8, कुकरनाग में न्यूनतम 14.6, जबकि गुलमर्ग में न्यूनतम 5.8 डिग्री सेलसियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों के दौरान भी घाटी में मौसम के मिजाज तीखे बने रहने तथा इस बीच ऊपरी इलाकों में हलकी बर्फबारी जबकि निचले इलाकों में बारिश की संभावना है।
