विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैष्णो देवी भवन पर श्रद्धालुओं को कठिन चढ़ाई से मिलेगी राहत, नवरात्र में शुरू होंगी लिफ्ट और रैंप की सुविधा

By Rakesh SharmaEdited By: Prince Sharma
Published: Sat, 03 Oct 2026 08:26 AM (IST)

माता वैष्णो देवी भवन पर श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए नई व्यवस्थाएं की गई हैं।

मां वैष्णो देवी के भवन परिसर के पर्वती भवन क्षेत्र के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयार की गई आधुनिक लिफ्ट l जागरण

मां वैष्णो देवी के भवन परिसर के पर्वती भवन क्षेत्र के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयार की गई आधुनिक लिफ्ट l जागरण

HighLights

  1. शारदीय नवरात्र से शुरू होंगी आधुनिक लिफ्ट और स्टील रैंप

  2. बुजुर्ग, दिव्यांग और बीमार श्रद्धालुओं को कठिन चढ़ाई से मिलेगी राहत

  3. माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रा को सुगम बनाया

राकेश शर्मा, कटड़ा। देश-विदेश से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए नई व्यवस्थाएं तैयार की जा रही हैं। 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले पवित्र शारदीय नवरात्र में श्रद्धालुओं को इस बार कई बदलाव दिखेंगे।

भवन परिसर पर श्रद्धालुओं को चढ़ाई और कठिन सीढ़ियों से राहत देने के लिए आधुनिक दो लिफ्ट और स्टील रैंप की सुविधा लगभग तैयार हो चुकी है। नवरात्र में इसे श्रद्धालुओं को समर्पित कर दिया जाएगा।

इससे विशेष रूप से बुजुर्ग, दिव्यांग और बीमार श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। भवन परिसर का गौरी भवन क्षेत्र श्रद्धालुओं के ठहरने के लिहाज से महत्वपूर्ण है। यहां विभिन्न भवनों और हट्स में श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा है। अभी तक इस क्षेत्र तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को कठिन चढ़ाई और सीढ़ियों वाले मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ता है।

यह भी पढ़ें- नवरात्र में वैष्णो देवी जाने वालों के लिए खुशखबरी, नई दिल्ली-कटड़ा स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़े; जानें डिटेल्स

30 मीटर ऊंची है लिफ्ट

श्रद्धालुओं की इस परेशानी को देखते हुए श्री माता वैष्णो श्राइन बोर्ड ने नवनिर्मित न्यू वैष्णवी भवन तक आसान पहुंच के लिए पार्वती भवन क्षेत्र के समीप करीब 30 मीटर ऊंची आधुनिक लिफ्ट तैयार की है।

इस लिफ्ट के माध्यम से श्रद्धालु कुछ ही मिनट में न्यू वैष्णवी भवन और गौरी भवन क्षेत्र तक पहुंचेंगे। वहीं, न्यू वैष्णवी भवन की छत पर तैयार किए जा रहे आधुनिक भोजनालय तक पहुंचने के लिए एक अलग लिफ्ट का निर्माण किया गया है। दोनों लिफ्टों में एक समय में 25 से 28 श्रद्धालु चढ़ सकेंगे।

नवरात्र में इन दोनों लिफ्टों को श्रद्धालुओं के लिए खोलने की तैयारी है। इसके अलावा भवन परिसर में पुलिस स्टेशन के समीप भी एक नई लिफ्ट तैयार की गई है। इससे भी भवन क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुगम होगी।

कालिका भवन क्षेत्र में बना स्टील रैंप

भवन परिसर के कलिका भवन क्षेत्र से एसडीएम भवन कार्यालय और रूम नंबर चार स्थित रिसेप्शन क्षेत्र तक पहुंचने के लिए भी स्टील रैंप तैयार किया गया है।

करीब 30 मीटर लंबे इस रैंप का सबसे अधिक लाभ भी दिव्यांग, बुजुर्ग और बीमार श्रद्धालुओं को मिलेगा। इसके माध्यम से श्रद्धालु सीढ़ियों वाले मार्ग से बचते हुए आसानी से संबंधित क्षेत्र तक पहुंच सकेंगे। अति विशिष्ठ श्रद्धालुओं के लिए भी यह सुविधा उपयोगी होगी।

यह भी पढ़ें- वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं के लिए बड़ा एलान, नवरात्र पर बैटरी कार-पोनी और पालकी सेवा मुफ्त, किन्हें मिलेगा लाभ?