विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर के चर्चित डॉक्टर ओपी आनंद को बड़े भाई ने मारी गोली, संपत्ति विवाद में खूनी खेल

Published: Tue, 03 Nov 2026 01:08 AM (IST)

आदित्यपुर में पारिवारिक संपत्ति विवाद को लेकर बड़े भाई सत्यप्रकाश सुधांशु ने अपने छोटे भाई डॉ. ओपी आनंद को सर्विस रिवाल्वर से गोली मार दी।

टीएमएच में घायल डॉ. ओपी आनंद। (जागरण)

टीएमएच में घायल डॉ. ओपी आनंद। (जागरण)

HighLights

  1. बड़े भाई ने संपत्ति विवाद में छोटे भाई को गोली मारी।

  2. आदित्यपुर के गायत्री शिक्षा निकेतन परिसर में घटना हुई।

  3. घायल डॉ. ओपी आनंद का टाटा मुख्य अस्पताल में इलाज जारी।

संवाद सूत्र, आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित गायत्री शिक्षा निकेतन परिसर में सोमवार रात पारिवारिक संपत्ति विवाद ने खूनी रूप ले लिया।

गायत्री शिक्षा निकेतन के संचालक सत्यप्रकाश सुधांशु ने अपने छोटे भाई व 111 सेव लाइफ अस्पताल के संचालक डॉ. ओपी आनंद पर सर्विस रिवाल्वर से गोलियां चला दीं।

पीठ में गोली लगने से डॉ. आनंद लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्वजन व चालक उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद से आरोपित बड़ा भाई मोबाइल बंद कर भूमिगत हो गया है।

जिम से लौटते ही हुआ विवाद

डॉ. आनंद रात करीब आठ बजे जिम से अपने आवास पहुंचे थे। उन्होंने निजी सुरक्षाकर्मी को घर जाने के लिए कहा ही था कि स्कूल और आवास परिसर में बड़े भाई सत्यप्रकाश सुधांशु के साथ उनकी कहासुनी शुरू हो गई।

JAMSHEDPUR CRIME NEWS (3)

डॉ. ओपी आनंद को अस्पताल पहुंचाते स्वजन।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों और चालक अमित के अनुसार, सुधांशु ने डॉ. आनंद की पत्नी सरिता आनंद पर पिस्टल तान दी। पत्नी को बचाने के लिए डॉ. आनंद आगे आए, तभी सुधांशु ने फायरिंग कर दी।

एक गोली सीधे डॉ. आनंद की पीठ में लगी, जबकि दूसरी गोली शरीर को छूते हुए निकल गई। चालक व स्वजनों ने आनन-फानन में दरवाजा बंद कर उनकी जान बचाई। घटना के समय बेटी आम्या भी मौजूद थी।

आठ दिन पहले भी हुई थी मारपीट

दोनों भाइयों के बीच पिता की मृत्यु के बाद से स्कूल और पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। परिसर के भूतल पर डॉ. आनंद और ऊपरी तल पर सुधांशु का परिवार रहता है। इसको लेकर डॉ. ओपी आनंद की पत्नी के द्वारा बराबर सत्यप्रकाश सुधांशु के परिवार के साथ गाली गलौज किया जाता था।

बीते आठ दिन पूर्व भी स्कूल परिसर में दोनों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें सुधांशु ने छोटे भाई की पिटाई की थी। कोविड काल के बाद से अस्पताल घाटे में चलने के कारण डॉ. आनंद तनाव में भी चल रहे थे।

आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और प्रयुक्त हथियार की जांच की जा रही है।

बन्ना गुप्ता प्रकरण से रहे थे चर्चा में

डॉ. ओपी आनंद जमशेदपुर और आदित्यपुर के जाने-माने चिकित्सक हैं तथा जमशेदपुर पश्चिम से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं।

मई 2021 में कोरोना काल के दौरान वे उस समय राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आए थे, जब अस्पताल निरीक्षण के विवाद में उन्होंने राज्य के तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के खिलाफ तीखी व अमर्यादित टिप्पणी की थी।

इसके बाद महामारी अधिनियम और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार कर सरायकेला जेल भेजा गया था, जहां से बाद में उन्हें उच्च न्यायालय से जमानत मिली थी।

यह भी पढ़ें- '5 बजे से पहले खोला तो होगा अपशकुन', बोकारो में साधु बन महिला का मंगलसूत्र उड़ाने वाले दो भाई धरे गए

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।