जमशेदपुर के गोलमुरी सब्जी बाजार में लगी भीषण आग, धू-धू कर जल गईं दुकानें; लपटें देख मची अफरातफरी
गुरुवार देर रात जमशेदपुर के गोलमुरी सब्जी बाजार में भीषण आग लग गई, जिससे नौ से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गईं और दुकानदारों में अफरातफरी मच गई।

HighLights
गोलमुरी सब्जी बाजार में देर रात लगी आग।
नौ से अधिक दुकानें जलकर हुईं खाक।
दमकल ने कड़ी मशक्कत से आग पर पाया काबू।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। गोलमुरी सब्जी बाजार में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक नौ से अधिक दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बांस-बल्ली से बनी दुकानें धू-धू कर जलने लगीं। कुछ ही देर में बाजार का प्रभावित हिस्सा आग की लपटों और धुएं से घिर गया। दुकानों में रखा सामान जलकर खाक हो गया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास की दुकानों के भी चपेट में आने का खतरा बढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग तेजी से फैलने और दुकानों में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण उस पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। हालांकि, तब तक नौ से अधिक दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं, जबकि आसपास की कुछ अन्य दुकानों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा।
आग की खबर मिलते ही बाजार की ओर दौड़े दुकानदार
बाजार में आग लगने की खबर फैलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अपनी दुकानों और उनमें रखे सामान की चिंता में दुकानदार आनन-फानन मौके पर पहुंचने लगे। बाजार में पहुंचने पर जली दुकानों का मंजर देखकर वे परेशान हो उठे। आग की चपेट में आई दुकानों में रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचा है। अगलगी से हुए कुल नुकसान का आकलन फिलहाल नहीं हो सका है।
बांस-बल्ली की दुकानों ने बढ़ाया आग फैलने का खतरा
गोलमुरी सब्जी बाजार में कई दुकानें बांस-बल्ली से बनी हुई हैं। ऐसे में आग लगने के बाद उसके तेजी से फैलने का खतरा बना रहता है। गुरुवार रात हुई अगलगी में भी आग ने देखते ही देखते कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। समय रहते दमकलकर्मियों के पहुंचने से आग को बाजार के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।
पहले भी लग चुकी है आग, फिर उठे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
गोलमुरी सब्जी बाजार में अगलगी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां दुकानों में आग लग चुकी है। इसके बावजूद बाजार में आग से बचाव की व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से दुकानदारों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आग लगने की वजह और नुकसान की वास्तविक स्थिति का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
