जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा! तेज रफ्तार बनी काल, बिष्टुपुर महिला कॉलेज की छात्रा समेत दो की मौत
जमशेदपुर के मानगो में पिपला पुल के पास गुरुवार तड़के तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई, जिससे बिष्टुपुर महिला कॉलेज की एक छात्रा सहित दो लोगों की मौके ...और पढ़ें

हादसे में कार सवार एक युवक और युवती की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए।
HighLights
तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, दो की मौत।
मृतकों में बिष्टुपुर महिला कॉलेज की छात्रा भी शामिल।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। मानगो के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपला पुल के समीप गुरुवार तड़के करीब चार बजे भीषण सड़क हादसा हो गया।
तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे कार सवार एक युवक और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार एक अन्य युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए।
खाना खाकर गालूडीह से लौट रहे थे चारों
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान पश्चिम सिंहभूम के गुवा-जामदा निवासी सीसीरदुगी चातोंबा उर्फ डिम्पी (22 वर्ष) और गोलमुरी (नामदा बस्ती) निवासी सुरजीत सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, कार सुरजीत सिंह ही चला रहा था। कार में गोलमुरी निवासी गुरुदेव सिंह उर्फ राहुल और चाईबासा (जटेंया) निवासी सुनीता तुबिद भी सवार थे, जो दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतका शिशिर और घायल सुनीता बिष्टुपुर महिला कॉलेज की छात्राएं हैं और सीतारामडेरा में रहकर पढ़ाई करती थीं। चारों दोस्त राहुल की कार से गालूडीह स्थित एक होटल में खाना खाने गए थे और वापस जमशेदपुर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
एक घायल रिम्स रेफर, युवती का टीएमएच में इलाज जारी
दुर्घटना के बाद गश्त कर रही एमजीएम थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों और मृतकों को कार से बाहर निकाला।
सभी को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुरजीत और सीसीर को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल गुरुदेव सिंह उर्फ राहुल की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स (RIMS), रांची रेफर कर दिया गया है। वहीं सुनीता तुबिद का इलाज टीएमएच में जारी है।
एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास ने बताया कि प्रथमदृष्टया दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और कार का अनियंत्रित होना प्रतीत हो रहा है।
दोनों घायलों की हालत गंभीर होने के कारण फिलहाल उनका विस्तृत बयान दर्ज नहीं हो सका है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।