जमशेदपुर: रील बनाने से नाराज माता-पिता ने की 14 वर्षीय बेटी की हत्या, खदान में फेंका शव
जमशेदपुर में मोबाइल फोन के अधिक इस्तेमाल और रील बनाने से नाराज माता-पिता ने अपनी 14 वर्षीय बेटी कनकलता मुर्मू की डंडे से पीटकर हत्या कर दी।
-1795847838982_m.webp)
एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।
HighLights
माता-पिता ने मोबाइल उपयोग पर बेटी की हत्या की।
14 वर्षीय कनकलता मुर्मू की पीट-पीटकर जान ली गई।
शव को पत्थर खदान में फेंका, पुलिस ने किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। मोबाइल फोन पर अधिक समय बिताने और इंटरनेट मीडिया पर रील बनाने से नाराज माता-पिता ने अपनी ही 14 वर्षीय बेटी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी।
इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को गांव की बंद पड़ी पत्थर खदान में फेंक दिया। पूर्वी सिंहभूम जिले के कमलपुर थाना क्षेत्र के लायाडीह गांव की इस घटना में पुलिस ने आरोपित पिता रवींद्र मुर्मू और मां सुमानी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आठवीं कक्षा की छात्रा कनकलता मुर्मू की 10 नवंबर को मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर माता-पिता से कहासुनी हुई थी।
इससे नाराज दंपती ने उसकी डंडे से बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने शव को गांव की परित्यक्त पत्थर खदान में फेंक दिया।
तीन दिन बाद 13 नवंबर को खदान से बच्ची का शव बरामद हुआ। हत्या के बाद दंपती ने ग्रामीणों और पुलिस को गुमराह करने के लिए बेटी के लापता होने की बात कही।
हालांकि, शव मिलने के बाद उनके व्यवहार पर पुलिस को संदेह हुआ। ठोस साक्ष्य नहीं मिलने के कारण तत्काल कार्रवाई नहीं हो सकी।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। संदेह गहराने पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की।
यह भी पढ़ें- गिरिडीह के सरिया में 3 दिन से लापता 6 साल के मासूम का झाड़ी में मिला शव, इलाके में फैली सनसनी