धनबाद मंडल के 48 संवेदनशील स्थलों पर तैनात रहेंगे RPF-GRP जवान, अर्घ्य के समय 20-25 KM की स्पीड से चलेंगी ट्रेनें
छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं।
-1794598268319_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
छठ पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु रेलवे के विशेष इंतजाम।
संवेदनशील स्थलों पर ट्रेनें 20-25 किमी प्रति घंटे चलेंगी।
आरपीएफ जवान 48 चिह्नित स्थानों पर रहेंगे तैनात।
संवाद सहयोगी, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं।
रविवार और सोमवार को अर्घ्य के समय धनबाद रेल मंडल के 48 संवेदनशील स्थलों पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान तैनात रहेंगे।
इन स्थलों के आसपास रेलवे लाइन के किनारे तालाब हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु रेल पटरी पार कर छठ घाटों तक पहुंचते हैं।
धनबाद रेल मंडल के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त अनुराग मीणा ने दूरभाष पर बताया कि गया-कोडरमा-धनबाद रेलखंड के चिह्नित संवेदनशील स्थानों से ट्रेनों को निर्धारित धीमी गति से परिचालित कराया जाएगा।
रविवार को पहला अर्घ्य देने के दौरान दोपहर एक बजे से रात आठ बजे तक तथा सोमवार को सुबह तीन बजे से 11 बजे तक इन स्थलों से ट्रेनें 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरेंगी।
डीआरएम को निर्देश
रेलवे सूत्रों के अनुसार, पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने धनबाद और डीडीयू रेल मंडल सहित अन्य मंडलों के डीआरएम को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए हैं। चिह्नित स्थानों पर आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी एवं जवान तैनात रहेंगे।
कोडरमा आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि कोडरमा-गया रेलखंड के टनकुप्पा, पहाड़पुर, वंशीनाला, गुरपा और बंधुआ स्टेशन क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाई गई है।
वहीं, हजारीबाग रोड से परसाबाद और कोडरमा के बीच भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सह आरपीएफ आईजी अमरेश कुमार पूरी व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं। रेलवे ने श्रद्धालुओं से रेल पटरी पार करते समय सावधानी बरतने की अपील की है।