यूपी से कोलकाता के लिए चलेंगी 2 स्पेशल ट्रेनें, कोडरमा समेत झारखंड के इन स्टेशनों में ठहराव
रेलवे ने त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कोलकाता से कानपुर सेंट्रल और आगरा कैंट के लिए कोडरमा के रास्ते दो जोड़ी विशेष ट्रेनें ...और पढ़ें
-1784572696866_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
त्योहारी भीड़ के लिए दो जोड़ी विशेष ट्रेनें शुरू।
कोलकाता, कानपुर, आगरा को कोडरमा से जोड़ेंगी ये ट्रेनें।
यात्रियों को आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
संवाद सहयोगी, झुमरी तिलैया। पर्व-त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कोलकाता से कोडरमा जंक्शन के रास्ते कानपुर सेंट्रल और आगरा कैंट के लिए दो जोड़ी विशेष ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है।
इन ट्रेनों के शुरू होने से झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों पर दबाव भी कम होगा।
रात 11:50 PM पहुंचेगी कोडरमा
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 04157 कानपुर सेंट्रल-कोलकाता स्पेशल प्रत्येक मंगलवार 21 जुलाई से 29 सितंबर 2026 तक चलेगी। यह ट्रेन सुबह 8 बजे कानपुर सेंट्रल से रवाना होकर रात 11:50 बजे कोडरमा पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 4:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
करीब 19 घंटे में लगभग 1000 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन से कोडरमा की दूरी लगभग 630 किलोमीटर होगी। कोडरमा के अलावा यह ट्रेन झारखंड के हजारीबाग रोड, पारसनाथ, गोमो जंक्शन (NSCB Jn. Gomoh) और धनबाद जंक्शन पर रुकेगी।
सोमवार शाम तक उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस ट्रेन में स्लीपर श्रेणी में 320, थर्ड एसी में 132 तथा सेकेंड एसी में 17 सीटें उपलब्ध थीं।
वापसी में ट्रेन संख्या 04158 कोलकाता-कानपुर सेंट्रल स्पेशल प्रत्येक बुधवार 22 जुलाई से 30 सितंबर तक सुबह 7:25 बजे कोलकाता से प्रस्थान कर अगले दिन रात 1:25 बजे कानपुर पहुंचेगी।
आगरा कैंट-कोलकाता स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल
वहीं, 01911 आगरा कैंट-कोलकाता स्पेशल प्रत्येक गुरुवार 23 जुलाई से 24 सितंबर तक तथा 01912 कोलकाता-आगरा कैंट स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार 24 जुलाई से सुबह 7:25 बजे कोलकाता से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी।
दोनों जोड़ी विशेष ट्रेनों का ठहराव नैहाटी, बैंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, धनबाद, पारसनाथ, नेताजी सुभाष चंद्र बोस गोमो जंक्शन और कोडरमा सहित प्रमुख स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में होगा।
ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी, स्लीपर, थर्ड एसी और सेकेंड एसी कोच उपलब्ध रहेंगे। रेलवे ने यात्रियों से समय रहते आरक्षण कराने की अपील की है, ताकि त्योहारी सीजन में यात्रा सुगम और सुविधाजनक हो सके।
यह भी पढ़ें- कोलकाता-कानपुर स्पेशल ट्रेन की टिकट बुकिंग शुरू, पटना-चर्लपल्ली समेत कई स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़े