'नेपाल में बाढ़ के बाद से बंद आ रहा फोन', पलामू के महेंद्र विश्वकर्मा लापता; परिजनों ने सरकार से लगाई गुहार
पलामू के हैदरनगर प्रखंड निवासी महेंद्र विश्वकर्मा नेपाल के बाणेश्वर स्थित हाइड्रो पावर प्लांट से कई दिनों से लापता हैं। ...और पढ़ें

नेपाल में बाढ़
HighLights
पलामू के महेंद्र विश्वकर्मा नेपाल में लापता
बाढ़ के बाद से फोन बंद, परिजन चिंतित
सरकार से सकुशल वापसी की अपील
संवाद सूत्र, जपला (पलामू)। नेपाल के बाणेश्वर स्थित हाइड्रो पावर प्लांट निर्माण कार्य में लगे पलामू जिले के हैदरनगर प्रखंड अंतर्गत बडंडा बरवाडीह गांव निवासी 50 वर्षीय महेंद्र विश्वकर्मा पिछले कई दिनों से लापता है। उसका मोबाइल लगातार बंद आने से परिजन अनहोनी की आशंका से परेशान हैं। घर में कोहराम मचा हुआ है और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार महेंद्र विश्वकर्मा पिछले कई माह से नेपाल के बाणेश्वर स्थित हाइड्रो पावर प्लांट में फैब्रिकेटर के रूप में काम कर रहा था। वह नियमित रूप से घर पर फोन कर परिवार के सदस्यों से बातचीत करता था।
संपर्क टूट जाने के बाद स्वजनों की चिंता बढ़ी
अचानक कई दिनों से संपर्क टूट जाने के बाद स्वजनों की चिंता बढ़ गई। इसी बीच नेपाल में आई भीषण बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने की खबर से महेंद्र के स्वजन और अधिक भयभीत हो गए हैं। उन्होंने कंपनी के नंबर पर संपर्क किया।

कंपनी के अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों के सुरक्षित होने की जानकारी दी, लेकिन महेंद्र से व्यक्तिगत रूप से संपर्क नहीं हो पाने के कारण परिजनों की चिंता दूर नहीं हुई है।स्वजन लगातार महेंद्र के मोबाइल पर फोन कर रहे हैं, लेकिन फोन बंद होने के कारण कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।
सकुशल घर वापस लाने की मांग
उन्होंने भारत सरकार, विदेश मंत्रालय, नेपाल स्थित संबंधित अधिकारियों और हाइड्रो पावर प्लांट प्रबंधन से महेंद्र विश्वकर्मा का जल्द पता लगाने तथा उसे सकुशल घर वापस लाने की मांग की है।
गांव के लोगों ने भी प्रशासन से मामले में तत्काल पहल करने की गुहार लगाई है। पंचायत के मुखिया सुदर्शन राम ने कहा कि वे संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर महेंद्र विश्वकर्मा का पता लगाने के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह करेंगे।
