विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामगढ़ की घाटी में ब्रेक फेल ट्रेलर ने आधा दर्जन गाड़ियों को रौंदा, ड्यूटी जा रहे रेलवे स्टेशन मास्टर की दर्दनाक मौत

Published: Fri, 04 Sep 2026 10:02 PM (IST)

रामगढ़ के चुटूपालू घाटी में ब्रेक फेल ट्रेलर ने कई वाहनों को टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार स्टेशन मास्टर जगदेव ...और पढ़ें

जाेन्हा रांची से जगेश्वर बिहार स्टेशन ड्यूटी जा रह थे बाइक सवार एसएम जगेश्वर तिर्की।

जाेन्हा रांची से जगेश्वर बिहार स्टेशन ड्यूटी जा रह थे बाइक सवार एसएम जगेश्वर तिर्की।

HighLights

  1. चुटूपालू घाटी में ब्रेक फेल ट्रेलर ने मचाया कोहराम।

  2. बाइक सवार स्टेशन मास्टर जगदेव तिर्की की मौत।

  3. कई वाहन क्षतिग्रस्त, चालक-खलासी मौके से फरार।

जागरण संवाददाता, रामगढ़। रामगढ़-रांची नेशनल हाईवे पर चुटूपालू घाटी एक बार फिर खून से लाल हो गई। शुक्रवार की शाम एक अनियंत्रित ट्रेलर का ब्रेक अचानक फेल हो गया, जिसके बाद वह काल बनकर सड़क पर उतरा।

करीब कुछ ही किलोमीटर के दायरे में इस बेकाबू वाहन ने एक बाइक समेत आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में एक बाइक सवार रेलवे स्टेशन मास्टर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग बाल-बाल बच गए।

ड्यूटी जा रहे स्टेशन मास्टर की गई जान

हादसे में जान गंवाने वाले बाइक सवार की पहचान रांची के जोन्हा स्थित सिमरबेड़ा निवासी जगदेव तिर्की के रूप में हुई है। जगदेव तिर्की जगेश्वर बिहार स्टेशन पर स्टेशन मास्टर के पद पर तैनात थे।

शुक्रवार शाम वे अपनी पैशन प्रो बाइक (जेएच 01डीई 6962) से जोन्हा से ड्यूटी के लिए जगेश्वर बिहार स्टेशन जा रहे थे। रामगढ़ थाना क्षेत्र में वकच टावर के पास जैसे ही उनकी बाइक पहुंची, अनियंत्रित ट्रेलर ने उन्हें बेरहमी से रौंद दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

टोल गेट से शुरू हुआ तबाही का सफर

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, रांची की ओर से रामगढ़ आ रहे ट्रेलर (आरजे 05 जीबी 8875) का घाटी में प्रवेश करते ही ब्रेक फेल हो गया था। टोल गेट पार करते ही ड्राइवर ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। ढलान पर बेकाबू हुआ यह भारी-भरकम वाहन रास्ते में आने वाले हर वाहन को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ता गया।

कई गाड़ियों के उड़े परखच्चे, बाल-बाल बचे लोग

ब्रेक फेल ट्रेलर के तांडव का शिकार कई अन्य लग्जरी वाहन और ट्रक भी बने। इस हादसे में निम्नलिखित वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

  • एक मारुति स्विफ्ट कार (जेएच 01 डीयू 5955)
  • एक एक्सयूवी 300 (जेएच 01 एफएफ 0914)
  • एक भारी ट्रक (एमएच 13 ईपी 6041)

ट्रक से जोरदार टक्कर होने के बाद आखिरकार वह खौफनाक ट्रेलर सड़क पर रुका। राहत की बात यह रही कि कार और अन्य छोटी गाड़ियों पर सवार लोगों को केवल हल्की चोटें आईं, लेकिन टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद से ट्रेलर का ड्राइवर और खलासी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, यातायात बहाल

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडेय दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रांची जिले की ओरमांझी पुलिस ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए कुछ क्षतिग्रस्त गाड़ियों को रास्ते से किनारे लगवाया।

थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त सभी वाहनों और भारी ट्रेलर को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कर दिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है।