झारखंड में छोटे शहरों तक पहुंचा नशे का नेटवर्क, रजरप्पा में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़; छह गिरफ्तार
पुलिस ने रजरप्पा में ब्राउन शुगर तस्करी के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान 5.88 ...और पढ़ें

रजरप्पा में ब्राउन शुगर तस्करी के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
HighLights
रजरप्पा में ब्राउन शुगर तस्करी के छह आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस ने 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की।
गिरफ्तार आरोपियों से मोबाइल और वाहन भी बरामद।
संवाद सूत्र, रजरप्पा (रामगढ़)। झारखंड के छोटे शहरों में भी नशे का नेटवर्क फैल रहा है। रामगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
मंगलवार को गुप्त सूचना पर बोरोबिंग चेकपोस्ट के पास छापेमारी कर 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद की गई। इसकी अनुमानित कीमत 50 से 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
मामले को लेकर रजरप्पा थाना परिसर में बुधवार को हुई प्रेस कांफ्रेंस में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन ने बताया कि सूचना मिली थी कि बोकारो जिले के महुआटांड़ से बोरोबिंग होकर कुछ लोग मादक पदार्थ ले जाने वाले हैं।
इसके बाद एसआइटी गठित कर बोरोबिंग पुल के पास बैरियर लगाया गया और महुआटांड़ की ओर से आने वाले वाहनों की जांच की गई। करीब पौने आठ बजे स्कूटी पर सवार तीन लोगों को पकड़ा गया।
पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि वे रजरप्पा प्रोजेक्ट के तीन युवकों से ब्राउन शुगर खरीदकर रांची और आसपास के क्षेत्रों में भेजते और उसका सेवन भी करते हैं। वे लोग महुआटांड़ जाने वाले रास्ते में एक सुनसान जगह पर माल खरीदने वाले थे।
गिरफ्तार आरोपितों में रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र के जोन्हा डडुआ निवासी दिवाकर कुमार ठाकुर (28), इंद्रा कालोनी निवासी कृष्णा नायक (32) और महुआदीपा निवासी आनंद लकड़ा (20) शामिल है। पुलिस ने पूछताछ और उनकी निशानदेही पर रजरप्पा प्रोजेक्ट के दीपक रजक (19), आकाश सिंह उर्फ गोदु (23) और हेमंत राजभर (27) को भी गिरफ्तार किया।
सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस मादक पदार्थ के स्रोत, उसकी आपूर्ति और वितरण से जुड़े संपर्कों की जांच कर रही है।
मोबाइल फोन की जांच से आरोपितों के संपर्कों के बारे में जानकारी मिलने की संभावना है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। छापेमारी में रजरप्पा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार, पुअनि संजय कुमार रजक, पुअनि रंजीत कुमार महतो, रोहित राज सिंह, अमित कुमार आदि शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।