खूंटी में दर्दनाक हादसा: जगन्नाथ रथ 11 हजार वोल्ट के तार से सटा, 12वीं के दो छात्रों की मौत; कई बच्चे झुलसे
झारखंड के तोरपा में जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से दो छात्रों की मौत हो गई और कई बच्चे झुलस गए। घायलों को अस्पताल ...और पढ़ें

11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आया जगन्नाथ रथ, कई बच्चे झुलसे। (तस्वीर: जागरण)
HighLights
तोरपा में जगन्नाथ रथ 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आया।
हादसे में दो स्कूली छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई।
कई बच्चे झुलसे, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
संवाद सूत्र, तोरपा (खूंटी)/रांची। राजधानी रांची से महज 60 किलोमीटर दूर खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड मुख्यालय में सोमवार को उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब भगवान जगन्नाथ का रथ 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया।
इस भीषण हादसे में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि 7 से 8 बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है। रांची से भी टीम भेजी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, तोरपा स्थित जगन्नाथ मौसीबाड़ी के समीप रथ को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। परंपरा और आस्था के तहत रथ को खींचने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और स्कूली छात्र जमा थे।
इसी दौरान रथ का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन (HT) बिजली के तार से छू गया। तार के संपर्क में आते ही चंद सेकंडों के भीतर पूरे रथ में हाई-वोल्टेज करंट दौड़ गया।
मौके पर मची अफरा-तफरी, स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
करंट लगते ही रथ खींच रहे बच्चे तड़पने लगे और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर जैसे-तैसे बच्चों को रथ से दूर किया और तत्परता दिखाते हुए सभी झुलसे बच्चों को तोरपा रेफरल अस्पताल पहुंचाया।
खबरें और भी
दो होनहार छात्रों की मौत, इलाके में शोक की लहर
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दो छात्रों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान चंदन कुमार (पिता– ननका यादव) और तिजेश्वर गोप (पिता– पाल गोप) के रूप में हुई है। दोनों छात्र 12वीं कक्षा में पढ़ते थे।
अचानक हुई इस घटना से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और रो-रोकर उनका बुरा हाल है। अस्पताल में भर्ती अन्य झुलसे बच्चों का इलाज जारी है, जिनमें से कुछ की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

(सदर अस्पताल खूंटी में बेटे की आकस्मिक मौत पर विलाप करते चंदन के पिता।)
प्रशासन और पुलिस मौके पर, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल जाकर घायलों का हाल-चाल जाना और पूरी घटना की जानकारी ली। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
इस बात की जांच की जा रही है कि रथ के आवागमन के समय बिजली सप्लाई बंद की गई थी या नहीं, और हाईटेंशन तार की ऊंचाई मानकों के अनुसार थी या नहीं। इस हादसे के बाद से पूरे तोरपा क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।