CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने का प्रस्ताव झारखंड विधानसभा में पारित, SIR की समय-सीमा बढ़ाने की भी मांग
झारखंड विधानसभा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर एक प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किया, जिसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और SIR की समय-सीमा बढ़ाने की मांग की गई है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार। ग्राफिक्स जागरण
HighLights
CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने का प्रस्ताव विधानसभा में पारित हुआ।
SIR की समय-सीमा बढ़ाने और प्रक्रिया सरल करने की मांग की गई।
पश्चिम बंगाल के SIR अनुभव पर झारखंड सरकार ने चिंता जताई।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में बुधवार को SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) पर सत्ताधारी गठबंधन का प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित हो गया।
इसके पूर्व इस मुद्दे पर को लेकर लंबी चर्चा और सत्ता-विपक्ष में गरमागरमी के बीच सरकार द्वारा पेश प्रस्ताव विधानसभा से मंजूर कर लिया गया।
संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में प्रस्ताव रखा कि SIR की समय-सीमा बढ़ाई जाए और पूरी प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटे। इसके साथ ही उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने का प्रस्ताव भी रखा।
विधानसभा अध्यक्ष ने ध्वनिमत से इसे प्रस्ताव के स्वीकृत होने की बात कही और प्रस्ताव के समर्थन में संख्याबल के आधार पर सदन की मंजूरी दी। टोका-टोकी और हो-हंगामे के बीच अच्छी बात यह रही कि सदन में अंतिम समय तक विपक्ष के विधायक टिके रहे।
हम SIR खिलाफ नहीं लेकिन, पश्चिम बंगाल के हालात से चिंतित
SIR को लेकर झारखंड सरकार का पक्ष रखते हुए संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने स्पष्ट रूप से कहा कि झारखंड सरकार SIR के खिलाफ नहीं है लेकिन, पश्चिम बंगाल के हालात से चिंतित हैं।
सरकार की ओर से पारित संकल्प में पश्चिम बंगाल में हुए SIR का उदाहरण देते हुए कहा गया है कि वहां 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए और अपीलों के निपटारे के लिए गठित ट्रिब्यूनलों को 38 लाख से अधिक आवेदन मिले।
इन आवेदनों में से अधिसंख्य पर कोई सुनवाई नहीं हुई। सरकार ने आशंका जताई कि झारखंड में भी ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर बड़ी संख्या में योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो सकते हैं।
झारखंड सरकार का पक्ष रखते हुए राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि राज्य सरकार विशेष गहन पुनरीक्षण के सिद्धांत के खिलाफ नहीं है।
हालांकि वर्तमान प्रक्रिया को रोककर सभी राज्यों और छोटे-बड़े राजनीतिक दलों के साथ समावेशी चर्चा करने, पारदर्शी नियम और सरल मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के बाद ही नए सिरे से SIR कराने की मांग की गई है।
कोई पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित ना रहे
राज्य सरकार की ओर से पारित संकल्प में संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार प्रत्येक योग्य नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।
किसी भी प्रक्रियागत जटिलता के कारण किसी पात्र मतदाता को इस अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
सरकार ने सदन में चर्चा के बाद अपने संकल्प को भारत निर्वाचन आयोग समेत सभी सक्षम प्राधिकारों को भेजने का प्रस्ताव रखा है।
38 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं के नाम हटाने को संदेहास्पद मान रही राज्य सरकार
SIR को लेकर झारखंड सरकार ने संकल्प में दावा किया है कि राज्य के कुल मतदाताओं में 38 प्रतिशत से अधिक ऐसे हैं, जिनके नाम या तो मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं या उन्हें संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किया गया है।
नोटिस जारी किए गए मामलों में 75 प्रतिशत से अधिक मामले माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर, उम्र संबंधी विसंगति और अन्य तार्किक त्रुटियों से जुड़े हैं।
सरकार ने झारखंड की सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि आदिवासी बहुल राज्य में SIR की प्रक्रिया को लागू करने में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
विशेष रूप से पीवीटीजी समुदाय के लोगों के पास आवश्यक दस्तावेजों की कमी और जागरूकता का अभाव बड़ी चुनौती है।
पासवान बोले बांस में रखते हैं कागजात, दीपक कर जाते हैं चट
सदन में इस विषय पर चर्चा के दौरान राजद विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि केंद्र सरकार जानबूझकर गरीबों के वोट काट रही है।
ऐसे भी गरीब भाजपा को वोट नहीं देते हैं और कहीं ना कहीं यही कारण है कि केंद्र के निर्देश पर गरीबों को मताधिकार से वंचित किया जा रहा है।
झारखंड के गरीब-आदिवासी समुदाय के लोग मिट्टी के घरों में बांस के बने चोंगा में महत्वपूर्ण कागजात रखते रहे हैं। कई बार घर में दीमक का प्रभाव पड़ जाता है, जिससे चोंगा सहित कागजात नष्ट हो जाते हैं।
पासवान ने कहा कि बिहार में इसी प्रकार गरीबों का नाम कटवाकर भाजपा सत्ता हासिल करने में सफल रही है।
यह भी पढ़ें- अमित शाह और नितिन नवीन झारखंड में SIR व एमएमडीआर पर विपक्ष के नैरेटिव को देंगे जवाब, दिसंबर में आ सकते हैं धनबाद
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।